नागपुर : एमपीएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर विद्यार्थियों के बीच उठ रहे सवालों पर राज्य सरकार ने गंभीर रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि परीक्षा में गैरप्रकार करने वालों को जेरबंद किया गया है और भविष्य में भी ऐसे मामलों को किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने नागपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि इस पूरे मामले को लेकर सरकार ने विस्तृत बैठक की है। बैठक में विद्यार्थियों की समस्याओं और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सकारात्मक चर्चा हुई। उन्होंने साफ कहा कि सरकार विद्यार्थियों के सवालों को लेकर गंभीर है और परीक्षा व्यवस्था में जरूरी सुधार किए जा रहे हैं। फडणवीस ने कहा कि कुछ लोग विद्यार्थियों की समस्या का समाधान करने के बजाय इस मुद्दे का राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के सवाल पर किसी को भी राजनीतिक रोटी सेंकने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सरकार पूरी ताकत के साथ विद्यार्थियों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने यह भी भरोसा दिलाया कि परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। आने वाले समय में और अधिक पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने की दिशा में सरकार काम करेगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए परीक्षा व्यवस्था पर भरोसा सबसे महत्वपूर्ण है, इसलिए इस मामले में सरकार की सख्ती को अहम माना जा रहा है।
त्योहारों में किसी तरह का विघ्न न हो
मनोज जरांगे-पाटील के आंदोलन के संदर्भ में मुख्यमंत्री फडणवीस ने हिंदू त्योहारों और गणेशोत्सव को लेकर भी अपनी अपेक्षा जाहिर की। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज को मानने वाले हर व्यक्ति को हिंदू त्योहारों और गणेशोत्सव का सम्मान करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि गणेशोत्सव और हिंदू त्योहारों में किसी भी तरह का विघ्न नहीं आना चाहिए। त्योहारों के इस माहौल में शांति और सौहार्द बनाए रखना जरूरी है।


