चेन्नई : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और TVK नेता थलपती विजय अपने पहले विदेश दौरे के लिए लंदन रवाना हो गए हैं। चेन्नई एयरपोर्ट पर उन्हें विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंचे। विजय को देखते ही फैंस ने मोबाइल फोन निकालकर वीडियो बनाना शुरू कर दिया। विजय ने भी अपने चाहने वालों का अभिवादन किया। एयरपोर्ट पर दिखी यह भीड़ एक बार फिर उनके प्रति लोगों की दीवानगी को दिखाती नजर आई।
विजय का यूके दौरा 16 सितंबर तक चलेगा और वे 17 सितंबर को भारत लौटेंगे। इस दौरे के दौरान वे यूके की कुछ कंपनियों के साथ प्रस्तावित समझौतों की प्रक्रिया का जायजा लेंगे। साथ ही उद्योग प्रतिनिधियों और उद्यमियों से मुलाकात कर तमिलनाडु में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। विजय के दौरे का एक खास आकर्षण 12 सितंबर को होने वाला सिल्वरस्टोन दौरा है। वे सिल्वरस्टोन के 5.891 किलोमीटर लंबे ग्रैंड प्रिक्स सर्किट पर होने वाली मिशेलिन ले मान्स कप रेस में विशेष अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। इस दौरान तमिलनाडु में प्रस्तावित ‘मोटर स्पोर्ट्स सिटी’ के लिए जरूरी बुनियादी ढांचे, सर्किट डिजाइन, सुरक्षा व्यवस्था और संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं को समझने पर भी चर्चा हो सकती है।
बताया जा रहा है कि विजय के इस दौरे का एक बड़ा उद्देश्य तमिलनाडु में निवेश लाना भी है। करीब एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश को लेकर चर्चा है। वहीं, तमिलनाडु सरकार के आधिकारिक बयान के अनुसार, सत्ता संभालने के 100 दिनों के भीतर एनटीवीके के नेतृत्व वाली सरकार ने एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावित निवेश के लिए समझौते किए हैं। यूरोपीय देशों की बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने करीब 8,491 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए हैं, जिनसे लगभग 5,690 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। विजय का यह दौरा सिर्फ राजनीतिक नजरिए से ही नहीं, बल्कि तमिलनाडु में उद्योग और रोजगार के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब नजर इस बात पर है कि लंदन यात्रा के बाद राज्य के लिए निवेश के मोर्चे पर क्या नई तस्वीर सामने आती है।


