नागपुर : समृद्धि महामार्ग पर सोमवार देर रात एक मालवाहक ट्रक में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास हुए इस हादसे में देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है।
मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, समृद्धि महामार्ग के चैनल नंबर 11+200 के पास ट्रक क्रमांक CG 14 MU 8188 खड़ा था। ट्रक लोहे की रॉड लेकर छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से मुंबई की ओर जा रहा था। चालक मोहसिन मन्सूर अंसारी आराम करने और डीजल भरवाने के लिए ट्रक रोककर रुके थे। इसी दौरान ट्रक की वायरिंग में अचानक शॉर्टसर्किट होने से स्पार्क हुआ और आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही वायफळ टोल नाके की दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि आग पर तुरंत काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद एमआईडीसी बोरी और मिहान से अतिरिक्त दमकल दलों को घटनास्थल पर बुलाया गया।
दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही सहायक पुलिस निरीक्षक तेजेंद्र मेश्राम सहित पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस हादसे में ट्रक को नुकसान हुआ है, लेकिन सौभाग्य से किसी तरह की जनहानि या चोट नहीं हुई। समय रहते दमकल टीमों के पहुंचने से आग को और फैलने से रोक लिया गया।


