नागपुर : गणराय के आगमन की तैयारियों के बीच नागपुर शहर में गणेशोत्सव को लेकर उत्साह का माहौल है। इसी बीच प्रशासन ने गणेशोत्सव को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए इसे पर्यावरणपूरक, सुरक्षित और समाजोपयोगी तरीके से मनाने की अपील की है।
नागपुर महानगरपालिका, पुलिस आयुक्तालय और जिला प्रशासन की संयुक्त पहल पर शनिवार को रेशीमबाग स्थित कविवर्य सुरेश भट सभागृह में गणेशोत्सव मंडलों और स्वयंसेवी संस्थाओं की समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में गणेश मंडलों की समस्याओं और सुझावों पर चर्चा करते हुए प्रशासन ने सभी मंडलों से सामाजिक और पर्यावरणपूरक गतिविधियों को प्राथमिकता देने की अपील की।
सभी विभाग मिलकर करें काम
महापौर निता ठाकरे ने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान शहरवासियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करना चाहिए। गणेश मंडलों की समस्याओं को समझकर उनका तत्काल समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील ने कहा कि गणेशोत्सव सामाजिक एकता और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने वाला पर्व है। उन्होंने गणेश मंडलों से पर्याप्त स्वयंसेवकों की व्यवस्था रखने, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने मंडलों से रक्तदान शिविर, नशामुक्ति अभियान और सामाजिक जनजागृति कार्यक्रम आयोजित करने का भी आह्वान किया।
आपली बस और मेट्रो का करें इस्तेमाल
मनपा आयुक्त डॉ. विपीन ने गणेशोत्सव के दौरान महानगरपालिका की ओर से की जा रही विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने नागरिकों से यातायात का दबाव कम करने के लिए आपली बस और मेट्रो जैसी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। आयुक्त ने गणेश मंडलों से बड़े स्तर पर रक्तदान शिविर आयोजित करने का भी आग्रह किया।
निर्माल्य से बनेगा खाद और अगरबत्ती
गणेशोत्सव के दौरान शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। मनपा की ओर से मंडलों से अपील की गई है कि वे कचरा और निर्माल्य एक ही स्थान पर जमा करें। मनपा द्वारा दिन में दो बार कचरा उठाया जाएगा। निर्माल्य संकलन के लिए विशेष वाहनों की व्यवस्था की जाएगी। इस निर्माल्य का उपयोग खाद और अगरबत्ती बनाने के लिए किया जाएगा। यानी गणपति उत्सव के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी शहर में पहुंचाया जाएगा। सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी ने सभी गणेश मंडलों से स्वयंसेवकों की सूची तैयार रखने, गणेश प्रतिमा आगमन और विसर्जन जुलूस का उचित नियोजन करने तथा साइबर सुरक्षा को लेकर नागरिकों में जागरूकता फैलाने की अपील की।
मंडलों ने रखीं अपनी समस्याएं
बैठक में विभिन्न गणेश मंडलों के पदाधिकारियों ने यातायात व्यवस्था, विसर्जन मार्गों पर भीड़, रास्ते में आने वाले तार, पार्किंग, मच्छर नियंत्रण, निर्माल्य संकलन, सीसीटीवी व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा, ध्वनि व्यवस्था और अनुमति प्रक्रिया से जुड़ी कई समस्याएं और सुझाव प्रशासन के सामने रखे।इन सभी सुझावों को दर्ज कर संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ऐसा पुलिस आयुक्त की ओर से स्पष्ट किया गया।
विद्यार्थियों के हाथों बनेंगी 5,001 पर्यावरणपूरक गणेश प्रतिमाएं
पर्यावरणपूरक गणेशोत्सव को बढ़ावा देने के लिए नागपुर महानगरपालिका की ओर से 3 सितंबर को 5,001 शाडू मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं बनाने की कार्यशाला आयोजित की जाएगी। यह कार्यशाला रेशीमबाग स्थित कविवर्य सुरेश भट सभागृह में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी। नागपुर शहर के विद्यार्थियों को इस कार्यशाला में अपने हाथों से शाडू मिट्टी की पर्यावरणपूरक गणेश प्रतिमा बनाने का अवसर मिलेगा। यह उपक्रम विद्यार्थियों के लिए पूरी तरह नि:शुल्क है। गणेश मंडल के एक प्रतिनिधि को भी इस कार्यशाला में सहभागी होने का आह्वान किया गया है। बच्चों के हाथों से मिट्टी के गणेश बनेंगे और उसी के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी घर-घर पहुंचेगा। इस पहल से गणेशोत्सव में भक्ति के साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव मजबूत होने की उम्मीद है।



