न्यूयॉर्क : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत इन दिनों अमेरिका दौरे पर हैं। न्यूयॉर्क में आयोजित होने वाले ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ कार्यक्रम में वह विभिन्न धर्मों, संस्कृतियों और समुदायों से जुड़े लोगों के साथ संवाद करेंगे। RSS ने इस कार्यक्रम को भारतीय जीवनमूल्यों, आपसी सम्मान और वैश्विक एकता की भावना से जोड़कर देखा है।
यह कार्यक्रम न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन स्थित इन्फोसिस थिएटर में आयोजित किया जा रहा है। RSS के प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कहा कि यह एक अंतरधार्मिक कार्यक्रम है, जिसमें अलग-अलग आस्थाओं और संस्कृतियों से जुड़े लोगों के साथ खुले संवाद का अवसर मिलेगा।
RSS ने बताया भारतीय संस्कृति का संदेश
सुनील आंबेकर के अनुसार, भारतीय जीवनमूल्य मूल रूप से समावेशी और सभी का स्वागत करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि अलग-अलग समुदायों के साथ संवाद, आपसी समझ और साझा उद्देश्यों को बढ़ावा देना RSS की लंबे समय से चली आ रही परंपरा का हिस्सा है। RSS ने ऐसे खुले संवाद के मंचों में उन लोगों को भी शामिल होने का निमंत्रण दिया है, जो संघ की विचारधारा और कार्यप्रणाली को समझना चाहते हैं।
वैश्विक एकता पर रहेगा जोर
‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ का मुख्य फोकस विभिन्न समुदायों को एक मंच पर लाकर सद्भाव, संवाद और वैश्विक एकता का संदेश देना है। कार्यक्रम में अलग-अलग समुदायों की भागीदारी इसे खास बनाती है। मोहन भागवत का यह दौरा RSS के शताब्दी वर्ष में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संवाद और भारतीय मूल के लोगों से संपर्क बढ़ाने की पहल का भी हिस्सा है।
AHEAD Forum का X अकाउंट फिर हुआ सक्रिय
इस बीच, कार्यक्रम का आयोजन करने वाली AHEAD Forum का X अकाउंट कुछ समय के लिए सस्पेंड होने के बाद अब फिर से सक्रिय हो गया है। संस्था ने अकाउंट बहाल होने की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी। AHEAD Forum ने अकाउंट बहाल होने के बाद X का आभार जताया और वैश्विक सद्भाव तथा एकता के संदेश को आगे बढ़ाने की बात कही। अकाउंट कुछ ही घंटों में बहाल हुआ। मोहन भागवत के अमेरिका दौरे और न्यूयॉर्क के इस कार्यक्रम के जरिए भारतीय संस्कृति, संवाद और ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना को वैश्विक मंच पर सामने रखने की कोशिश की जा रही है।


