मुंबई : महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के हित में बड़ा फैसला लिया है। अन्न एवं औषधि प्रशासन विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर (औषधि निरीक्षक, ग्रुप-B) पद के लिए आयोजित भर्ती परीक्षा को आखिरकार रद्द कर दिया गया है। परीक्षा में गड़बड़ी और पेपर लीक के आरोपों की जांच के बाद आयोग ने यह कड़ा कदम उठाया है। इस फैसले से लंबे समय से न्याय की मांग कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है।
क्या है पूरा मामला ?
ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी होने का आरोप उम्मीदवारों की ओर से लगाया गया था। इस मामले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने पेपर लीक का गंभीर आरोप लगाया था। इसके बाद MPSC की तैयारी कर रहे नाराज छात्रों ने मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे से मुलाकात कर मामले में न्याय की मांग की थी। पुणे में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में भी एक छात्रा ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के सामने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद मामला और गंभीर हो गया।
मामले की पुलिस और CID की ओर से जांच की गई। जांच में परीक्षा में अनियमितता होने और एक उम्मीदवार को प्रश्नपत्र उपलब्ध कराकर उसे अनुचित लाभ पहुंचाए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद आयोग पर परीक्षा रद्द करने का दबाव बढ़ा और आखिरकार पूरी परीक्षा प्रक्रिया रद्द कर दी गई।
अब दोबारा होगी परीक्षा
MPSC ने अन्न एवं औषधि प्रशासन संवर्ग के इस पद के लिए 29 जुलाई 2025 को विज्ञापन जारी किया था। पुरानी परीक्षा रद्द होने के बाद अब इस पद के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। नई परीक्षा की तारीख, आवेदन प्रक्रिया और अन्य जरूरी जानकारी आयोग की ओर से जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
मेहनत करने वाले उम्मीदवारों को राहत
प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए महीनों और वर्षों तक मेहनत करने वाले उम्मीदवारों के लिए परीक्षा में गड़बड़ी की खबर किसी झटके से कम नहीं होती। ऐसे में परीक्षा रद्द करने के फैसले से पारदर्शिता की मांग कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिली है। अब सभी की नजर MPSC की ओर से होने वाली नई परीक्षा पर है।


