नई दिल्ली : परीक्षा की उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया छात्रों के हित और उन्हें न्याय दिलाने के उद्देश्य से तैयार की गई है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया को महंगा बताए जाने के आरोपों को भी खारिज किया है।
NTA ने बताया कि उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होती है। पिछले कुछ समय से NEET-UG पेपर लीक से लेकर UGC-NET परीक्षा में सामने आई कथित गड़बड़ियों तक कई मुद्दों को लेकर NTA आलोचनाओं के घेरे में रहा है। इसी बीच गुरुवार रात NTA ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर अपनी स्थिति स्पष्ट की। NTA के अनुसार, प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए छात्र से 200 रुपये शुल्क लिया जाता है। हालांकि, यदि छात्र की आपत्ति सही पाई जाती है और उसे स्वीकार कर लिया जाता है, तो यह शुल्क संबंधित छात्र को वापस कर दिया जाता है।
NTA ने स्पष्ट किया कि यह शुल्क कमाई या मुनाफा कमाने के लिए नहीं लिया जाता। इसका उद्देश्य उत्तर कुंजी पर बिना वजह या अनावश्यक आपत्तियां दर्ज कराने पर रोक लगाना है, ताकि केवल गंभीर और उचित आपत्तियों पर ही विचार किया जा सके। परीक्षा का परिणाम छात्रों के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में उत्तर कुंजी में किसी गलती की आशंका होने पर आपत्ति दर्ज कराने का विकल्प छात्रों के लिए अहम माना जाता है। NTA का कहना है कि इसी बात को ध्यान में रखते हुए यह पूरी प्रक्रिया तैयार की गई है।


