गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान इंडिगो विमान का पिछला हिस्सा रनवे से घिस गया। घटना 19 अगस्त की बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित रहे।
लैंडिंग के दौरान विमान का पिछला हिस्सा जमीन से टकराने के बाद पायलट ने ‘गो-अराउंड’ किया। यानी विमान ने उस समय लैंडिंग नहीं की और दोबारा हवा में चला गया। इसके बाद एक और प्रयास के बाद विमान ने गोरखपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान के उतरने के बाद तकनीकी जांच की गई। जांच में विमान के APU इनलेट के पास खरोंच के निशान मिले। घटना की जानकारी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को दी गई, जिसके बाद जांच टीम ने विमान का निरीक्षण किया।
सुरक्षा को देखते हुए DGCA ने विमान की आगे की उड़ान पर रोक लगा दी है। फिलहाल विमान की जरूरी मरम्मत की जा रही है। मरम्मत पूरी होने के बाद विमान की दोबारा तकनीकी जांच होगी। सभी जांच सफल रहने के बाद ही इसे उड़ान भरने की अनुमति दी जाएगी। गोरखपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है और एयरपोर्ट की सुविधाओं में भी सुधार किया जा रहा है। वहीं, एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर भी चर्चा जारी है। ऐसे में इस घटना के बाद विमान की सुरक्षा जांच और DGCA की रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हैं।


