मुंबई : महाराष्ट्र को हरा-भरा और जलसमृद्ध बनाने के उद्देश्य से 21 अगस्त को पूरे राज्य में जलसंधारण दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर राज्य के सभी 36 जिलों में सुबह ‘महा वॉकेथॉन- वॉक फॉर वॉटर’ का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य के नागरिकों, विशेषकर युवाओं से इस अभियान में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
जलसंधारण दिवस राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत सुधाकरराव नाईक की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। इसी दिन आयोजित होने वाली वॉकेथॉन के जरिए लोगों में पानी बचाने और जलसंधारण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि जलसंधारण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से जलसंधारण का संदेश घर-घर तक पहुंचाने और इस अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
युवाओं के लिए रील्स प्रतियोगिता
जलसंधारण का संदेश युवा पीढ़ी तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने के लिए रील्स प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया है। युवाओं से इस प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की गई है। वॉकेथॉन में शामिल होने के इच्छुक नागरिक राज्य सरकार की ओर से जारी विज्ञापनों और सोशल मीडिया पर उपलब्ध आधिकारिक क्यूआर कोड को स्कैन कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा, “चलिए, एकजुट होकर जलदूत बनें और पानी के लिए चलें। ‘पानी अडवा, पानी जिरवा’ के मूलमंत्र को आगे बढ़ाएं।”


