मुंबई : महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई शहर और मुंबई उपनगर जिले के राज्य सरकारी और अर्धसरकारी कर्मचारियों के लिए स्थानीय अवकाश को लेकर बड़ा बदलाव किया है। सरकार ने गोपालकाला यानी दहीहंडी के दिन घोषित स्थानीय अवकाश को रद्द कर दिया है। इसके बदले अब रक्षाबंधन के दिन 28 अगस्त 2026 को स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है।
इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से शुद्धिपत्र जारी किया गया है। इससे मुंबई शहर और मुंबई उपनगर जिलों के राज्य सरकारी एवं अर्धसरकारी कार्यालयों में काम करने वाले कर्मचारियों को रक्षाबंधन के दिन छुट्टी मिलेगी।
पहले 5 सितंबर को थी छुट्टी
सरकार के पहले के फैसले के अनुसार 5 सितंबर 2026 को गोपालकाला (दहीहंडी) के लिए स्थानीय अवकाश घोषित किया गया था। अब यह छुट्टी रद्द कर दी गई है। इसकी जगह 28 अगस्त को रक्षाबंधन की स्थानीय छुट्टी लागू होगी। श्रावण महीने में नागपंचमी, नारली पूर्णिमा, रक्षाबंधन और दहीहंडी जैसे कई त्योहार उत्साह के साथ मनाए जाते हैं। ऐसे में स्थानीय अवकाश में किए गए इस बदलाव से मुंबई के सरकारी और अर्धसरकारी कर्मचारियों के लिए इस बार रक्षाबंधन का दिन खास होने वाला है।
सरकार के इस फैसले के बाद अब कर्मचारियों को 5 सितंबर की बजाय 28 अगस्त को छुट्टी मिलेगी। यानी भाई-बहन के रिश्ते का त्योहार रक्षाबंधन इस बार सरकारी कर्मचारियों के लिए छुट्टी के साथ मनाने का मौका लेकर आया है।


