थाईलैंड के नॉनथाबुरी प्रांत के बैंग क्रुआई जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक स्कूल शूटिंग की घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। एक हाईस्कूल में पढ़ने वाले 8वीं कक्षा के छात्र ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें एक शिक्षक सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए छात्र-छात्राएं क्लासरूम छोड़कर बाहर की ओर भागते नजर आए। मौके पर पहुंची पुलिस और आपातकालीन टीम ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, हमलावर छात्र की भी मौत हो गई है। हालांकि, उसकी मौत कैसे हुई इसे लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आई है। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसकी मौत हुई, जबकि कुछ के अनुसार उसने खुद को गोली मार ली।
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और मामले की जांच जारी है। जिस डेबसिरिन नॉनथाबुरी स्कूल में यह घटना हुई, वहां इस शैक्षणिक वर्ष में करीब 3,100 छात्र और 147 शिक्षक हैं। यह घटना एक बार फिर थाईलैंड में बढ़ती बंदूक हिंसा और स्कूलों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, थाईलैंड में करीब 1 करोड़ बंदूकें मौजूद हैं, यानी लगभग हर सात लोगों पर एक बंदूक है। इससे पहले भी फरवरी 2026 में एक अन्य स्कूल में फायरिंग की घटना सामने आई थी। इस दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। मासूम बच्चों के बीच हुई इस हिंसा ने पूरे देश को गहरे सदमे में डाल दिया है।


