मुंबई : नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ रिलीज से पहले ही चर्चा में आ गई है। रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर इस फिल्म को लेकर अब विवाद खड़ा हो गया है। श्री रामलीला महासंघ ने फिल्म के वर्ल्डवाइड रिलीज से पहले स्पेशल प्रीव्यू स्क्रीनिंग कराने की मांग की है।
महासंघ का कहना है कि फिल्म में रामायण से जुड़े पात्रों और घटनाओं को दिखाते समय धार्मिक भावनाओं का ध्यान रखा जाना चाहिए। संगठन ने मेकर्स को पत्र भेजकर कहा है कि फिल्म रिलीज से पहले उन्हें दिखाई जाए, ताकि अगर किसी दृश्य या संवाद पर आपत्ति हो तो उसमें बदलाव किया जा सके। श्री रामलीला महासंघ ने अपने पत्र में साल 2023 में रिलीज हुई फिल्म ‘आदिपुरुष’ का भी जिक्र किया है। संगठन का कहना है कि उस फिल्म में रामायण के कुछ प्रसंगों और पात्रों को पारंपरिक मान्यताओं से अलग दिखाने पर विवाद हुआ था। इसी वजह से ‘रामायण’ को लेकर पहले से सतर्कता बरतने की मांग की गई है।
महासंघ के अध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि अगर मेकर्स उनकी मांग पर ध्यान नहीं देते हैं तो दिल्ली समेत अन्य राज्यों में थिएटरों के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। बता दें कि नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। साउथ स्टार यश फिल्म में रावण की भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा सनी देओल, अरुण गोविल, रवि दुबे, आदिनाथ कोठारे, अजिंक्य देव और लारा दत्ता जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का पहला भाग इस साल दिवाली के मौके पर रिलीज किया जाएगा, जबकि दूसरा भाग अगले साल दिवाली पर दर्शकों के सामने आएगा। अब देखना होगा कि मेकर्स इस मांग पर क्या फैसला लेते हैं।


