नागपुर : मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से मिली बड़ी सफलता महाराष्ट्र स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (MUHS), नाशिक की एमएस (प्रसूति एवं स्त्री रोग) परीक्षा में नागपुर के एनकेपी साल्वे मेडिकल कॉलेज एवं लता मंगेशकर हॉस्पिटल के छात्र डॉ. अभिषेक सोनकुसरे ने शानदार उपलब्धि हासिल की है। उन्हें प्रतिष्ठित डॉ. बी. एन. पुरंदरे स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया है। डॉ. अभिषेक की इस सफलता ने न केवल उनके परिवार और शिक्षकों का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे संस्थान के लिए गर्व का क्षण भी बनाया है। कठिन परिश्रम, निरंतर अध्ययन और मरीजों की सेवा के प्रति समर्पण के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।
विभाग को तीसरी बार मिला स्वर्ण पदक का सम्मान
एनकेपी साल्वे मेडिकल कॉलेज एवं लता मंगेशकर हॉस्पिटल के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग के लिए यह उपलब्धि बेहद खास है। विभाग ने तीसरी बार MUHS की इस प्रतिष्ठित परीक्षा में स्वर्ण पदक हासिल करने का गौरव प्राप्त किया है। यह विभाग की लगातार बेहतर शैक्षणिक परंपरा और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण का प्रमाण है। इस उपलब्धि पर संस्थान के उपाध्यक्ष विधायक डॉ. आशीष देशमुख, अधिष्ठाता डॉ. सजल मित्रा, उप-अधिष्ठाता (क्लिनिकल) एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नितिन देवस्थले, प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग प्रमुख डॉ. अनुजा भालेराव सहित सभी शिक्षकों और कर्मचारियों ने डॉ. अभिषेक सोनकुसरे को शुभकामनाएं दीं।
शिक्षकों के मार्गदर्शन से मिली सफलता
अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए डॉ. अभिषेक सोनकुसरे ने कहा कि यह उपलब्धि उनके शिक्षकों और मार्गदर्शकों के निरंतर सहयोग, प्रेरणा और मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने बताया कि शिक्षकों से मिले ज्ञान और प्रोत्साहन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉ. अभिषेक की यह सफलता मेडिकल क्षेत्र में आगे बढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनी है और यह साबित करती है कि मेहनत और समर्पण से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।


