नागपुर : हरित नागपुर के संकल्प को साकार करने की दिशा में शनिवार को राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय (RTMNU) परिसर में विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाराष्ट्र के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालयों के कुलपति जिष्णू देव वर्मा और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अपने हाथों से पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
अंबाझरी मार्ग स्थित जमनालाल बजाज प्रशासनिक भवन के पास आयोजित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में शिक्षक-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में 1000 पौधे लगाने का संकल्प दोहराया गया। यह अभियान केंद्र सरकार के 25 लाख पौधारोपण मिशन का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से मुकाबला करना और आने वाली पीढ़ियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. पंकज भोयर, कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर, नागपुर की महापौर नीता ठाकरे, प्र-कुलगुरु डॉ. अखिलेश पेशवे सहित कई जनप्रतिनिधि और विश्वविद्यालय के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि आने वाले समय में पूरे परिसर को अधिक हराभरा बनाने के लिए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि यह पहल सिर्फ पौधे लगाने तक सीमित न रहकर भविष्य के लिए एक मजबूत पर्यावरणीय विरासत बन सके।


