यवतमाल : विदर्भ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब जानलेवा साबित हो रही है। यवतमाल जिले के दहेली पुल पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में बाढ़ के तेज बहाव में अर्टिगा कार बह गई। इस हादसे में मां और उसकी दो मासूम बेटियों की मौत हो गई, जबकि चालक अविनाश खंडारे को बचाव दल ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, दहेली पुल पर बारिश के कारण पानी का तेज बहाव था। इसी दौरान कार पुल पार करने की कोशिश कर रही थी, तभी वह अनियंत्रित होकर बाढ़ के पानी में बह गई। कार में अविनाश खंडारे, उनकी पत्नी माधवी खंडारे और दोनों बेटियां सवार थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग, आपदा प्रबंधन की टीम और स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे। कई घंटों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन माधवी खंडारे और उनकी दोनों बेटियों की तलाश जारी रही। बाद में तीनों के शव अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। एक पल में हंसता-खेलता परिवार बिखर गया। भारी बारिश और बाढ़ के बीच प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी हालत में पानी से भरे पुल या तेज बहाव वाले रास्तों से गुजरने की कोशिश न करें। मौसम विभाग ने विदर्भ के कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए कई जगह स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्रों में भी छुट्टी घोषित की गई है।


