नांदेड : नांदेड ग्रामीण पुलिस ने अवैध जुआ और मटका कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। इन दोनों कार्रवाइयों में कुल 21 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये मूल्य का नकद, मोबाइल फोन, दोपहिया वाहन और जुआ खेलने का सामान जब्त किया है।
पहली कार्रवाई 28 जुलाई को हबीबिया कॉलोनी, खुदबेनगर चौक इलाके में की गई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक ओमकांत चिंचोलकर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा। यहां कुछ लोग ‘कल्याण मटका’ और ताश पर पैसे लगाकर जुआ खेलते मिले। पुलिस ने मौके से 16 लोगों को हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान 13 हजार रुपये नकद, 9 मोबाइल फोन, मटका पर्चियां, ताश के पत्ते और अन्य जुआ सामग्री समेत 72 हजार रुपये का सामान जब्त किया गया। इस मामले में महाराष्ट्र जुआ प्रतिबंधक अधिनियम की धारा 12 (अ) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
इसी रात नांदेड ग्रामीण पुलिस ने दिक्षानगर, बलीरामपुर स्थित पानी की टंकी के पास दूसरी कार्रवाई की। सूचना मिली थी कि कुछ लोग ‘तिरट’ नामक जुआ खेल रहे हैं। पुलिस ने मौके पर छापा मारकर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में 4,200 रुपये नकद, 5 मोबाइल फोन, तीन दोपहिया वाहन (होंडा शाइन, पैशन प्रो और बुलेट) तथा ताश के पत्ते जब्त किए गए। जब्त सामान की कुल कीमत 5.28 लाख रुपये बताई गई है। दोनों मामलों में नांदेड ग्रामीण पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र जुआ प्रतिबंधक अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध जुआ और मटका कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


