मुंबई : साउथ सुपरस्टार राम चरण को लेकर उनके फैंस के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। फिल्म ‘पेड्डी’ की शूटिंग के दौरान एक एक्शन सीन करते समय उनके दाहिने हाथ की कलाई में गंभीर चोट लग गई थी। लगातार दर्द और परेशानी के बाद डॉक्टरों की सलाह पर उनकी सर्जरी कराई गई, जो पूरी तरह सफल रही है। फिलहाल अभिनेता की तबीयत स्थिर बताई जा रही है और वह तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चोट लगने के बावजूद राम चरण कुछ समय तक शूटिंग करते रहे, लेकिन दर्द बढ़ने के कारण उन्हें इलाज कराना पड़ा। इसके बाद उन्हें कोयंबटूर के गंगा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने आधुनिक तकनीक की मदद से उनकी सर्जरी की। राम चरण की टीम ने जानकारी दी है कि ऑपरेशन सफल रहा है। डॉक्टरों ने उन्हें फिलहाल पूरी तरह आराम करने और घायल हाथ पर ज्यादा दबाव न डालने की सलाह दी है। इसी वजह से अभिनेता कुछ समय तक फिल्मों की शूटिंग से भी दूर रहेंगे।
इस मुश्किल वक्त में उनके परिवार ने भी हर कदम पर उनका साथ दिया। पिता चिरंजीवी, मां सुरेखा और पत्नी उपासना पूरे इलाज के दौरान अस्पताल में उनके साथ मौजूद रहे। अब फैंस भी उनके जल्द से जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर बड़े पर्दे पर वापसी का इंतजार कर रहे हैं।


