महाराष्ट्र में एक बार फिर मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई हिस्सों में अगले 72 घंटों के दौरान भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, वातावरण में बनी दो चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) प्रणालियों और कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है।
सबसे ज्यादा असर पुणे के घाट क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है, जहां रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, नाशिक, सातारा और कोल्हापुर के घाट क्षेत्रों समेत कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इसके अलावा मुंबई सहित विदर्भ के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। लगातार बादल छाए रहने और बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
आज कहां-कहां कौन सा अलर्ट?
🔴 रेड अलर्ट
पुणे घाट क्षेत्र
🟠 ऑरेंज अलर्ट
पालघर
ठाणे
रायगढ़
रत्नागिरी
नाशिक घाट क्षेत्र
सातारा घाट क्षेत्र
कोल्हापुर घाट क्षेत्र
🟡 येलो अलर्ट
मुंबई
पुणे
नाशिक
बुलढाणा
अकोला
वाशिम
अमरावती
यवतमाल
वर्धा
नागपुर
भंडारा
गोंदिया
चंद्रपुर
गडचिरोली
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अरब सागर से लेकर बंगाल की खाड़ी तक बने कम दबाव के क्षेत्र और अलग-अलग स्तरों पर सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के कारण महाराष्ट्र में बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है।


