सावनेर : सावनेर शहर की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शहर की 94.45 करोड़ रुपये की संशोधित जलापूर्ति योजना को राज्य सरकार की राज्यस्तरीय तकनीकी समिति ने मंजूरी दे दी है। समिति की 3 जुलाई 2026 को हुई बैठक में इस परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि 9 जुलाई 2026 को नगर विकास विभाग द्वारा जारी कार्यवृत्त में अमृत 2.0 मिशन के अंतर्गत परियोजना को प्रशासनिक स्वीकृति देने की सिफारिश की गई है।
इस परियोजना की मंजूरी के लिए विधायक डॉ. आशीष देशमुख ने नगर विकास विभाग, महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण तथा संबंधित सरकारी विभागों के स्तर पर लगातार प्रयास किए। उनके इसी सतत अनुसरण का परिणाम है कि अब इस महत्वाकांक्षी योजना के क्रियान्वयन का रास्ता साफ हो गया है। वर्तमान में सावनेर शहर की आबादी लगभग 50 हजार तक पहुंच चुकी है, जबकि शहर की जलापूर्ति अब भी कोलार (जुनेवानी) नदी और कन्हान नदी पर आधारित लगभग 40 वर्ष पुरानी योजनाओं पर निर्भर है। बढ़ती आबादी के कारण इन योजनाओं पर दबाव बढ़ गया था, जिससे भविष्य की पेयजल आवश्यकताओं को देखते हुए नई जलापूर्ति योजना की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
नई योजना के तहत कोच्छी डैम से सावनेर शहर को पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए नई जलवाहिनी, तीन नए जलकुंभ, फिल्टर प्लांट तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। इससे शहर की जलापूर्ति व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी और भविष्य में पेयजल संकट की समस्या काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है। राज्यस्तरीय तकनीकी समिति ने परियोजना को मंजूरी देते हुए महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण की तकनीकी शर्तों का पालन, आवश्यक जल आरक्षण की उपलब्धता, सभी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करने, परियोजना के लिए स्थानीय निकाय के अंशदान की व्यवस्था तथा अन्य तकनीकी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही परियोजना को जल जीवन मिशन की निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर भी जोर दिया गया है।
इस संबंध में विधायक डॉ. आशीष देशमुख ने कहा कि सावनेर शहर की पेयजल समस्या नागरिकों के दैनिक जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि राज्यस्तरीय तकनीकी समिति की मंजूरी मिलने से परियोजना के क्रियान्वयन का मार्ग प्रशस्त हो गया है और इस योजना से सावनेर की अगले 50 वर्षों तक की पेयजल आवश्यकता पूरी हो सकेगी। उन्होंने यह भी कहा कि परियोजना का कार्य शीघ्र शुरू हो, इसके लिए आगे भी निरंतर प्रयास किए जाएंगे। इस उपलब्धि पर सावनेर नगर परिषद के नगराध्यक्ष, उपाध्यक्ष और नगरसेवकों ने विधायक डॉ. आशीष देशमुख का आभार व्यक्त किया।


