बेलगावी (कर्नाटक): राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की वार्षिक अखिल भारतीय प्रान्त प्रचारक बैठक कर्नाटक के बेलगावी में आज सुबह शुरू हुई। इस बैठक में संघ के शीर्ष पदाधिकारियों के साथ देशभर के प्रांत प्रचारक और संघ प्रेरित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। बैठक में संघ के आगामी कार्यों, शाखा विस्तार और शताब्दी वर्ष से जुड़े कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी।
बैठक में पूजनीय सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सभी सह सरकार्यवाह, अखिल भारतीय कार्य विभाग प्रमुख एवं सह प्रमुख, कार्यकारिणी सदस्य, क्षेत्र प्रचारक, सह क्षेत्र प्रचारक तथा सभी 46 प्रांतों के प्रांत प्रचारक और सह प्रचारक उपस्थित हैं। इसके साथ ही संघ प्रेरित विविध संगठनों के अखिल भारतीय संगठन मंत्री भी बैठक में भाग ले रहे हैं। बैठक में मार्च 2026 के बाद संघ के विभिन्न स्तरों पर संपन्न हुए प्रशिक्षण वर्गों के वृत्तांत पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके अलावा शाखाओं के स्तर पर कार्ययोजना के क्रियान्वयन की समीक्षा भी की जाएगी।
संघ शताब्दी वर्ष (2025-26) के निमित्त हुए शाखा कार्य विस्तार की समीक्षा और आगामी समय में शाखाओं के अधिकतम विस्तार की योजना पर भी विचार-विमर्श होगा। साथ ही शताब्दी वर्ष के दौरान आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए निर्धारित शेष कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। बैठक में पूजनीय सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी की वर्ष 2026-27 की प्रवास योजना जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी। संघ शताब्दी वर्ष (2025-26) के शेष कार्यक्रम आगामी विजयादशमी यानी 20 अक्टूबर 2026 तक चलेंगे।


