महाराष्ट्र के अमरावती जिले में समृद्धि महामार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। चलते ट्रक का अचानक टायर फट गया, जिसके बाद ट्रक में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रक में सवार दो लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। इस हादसे में दोनों की झुलसकर मौके पर ही मौत हो गई।
टायर फटने के बाद लगी भीषण आग
मिली जानकारी के अनुसार, फूलगोभी लेकर जा रहा ट्रक समृद्धि महामार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान तलेगांव पुलिस थाना क्षेत्र में अचानक ट्रक का टायर तेज आवाज के साथ फट गया। इसके बाद ट्रक अनियंत्रित हो गया और उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना अचानक हुआ कि ट्रक में मौजूद दो लोग अपनी जान नहीं बचा सके।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही तलेगांव पुलिस और हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। हादसे के कारण समृद्धि महामार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने यातायात को सुचारु कराया और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार मार्गों पर सफर के दौरान होने वाले खतरों की ओर ध्यान खींचा है। एक पल में हुए इस हादसे ने दो लोगों की जान ले ली और उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।


