विशाखापट्टनम : विशाखापट्टनम के समीप गुड़िलोवा स्थित ‘विज्ञान विहार’ विद्यालय में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अखिल भारतीय समन्वय बैठक बुधवार सुबह शुरू हुई। बैठक की शुरुआत पूजनीय सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और माननीय सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन कर की।
तीन दिवसीय यह बैठक 21 अगस्त की शाम तक चलेगी। हर वर्ष आयोजित होने वाली इस बैठक में संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ संघ से प्रेरित विभिन्न संगठनों के प्रमुख प्रतिनिधि भी शामिल हो रहे हैं। ऐसे में इस बैठक को संघ परिवार के विभिन्न संगठनों के बीच संवाद और समन्वय के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सभी सह सरकार्यवाह और अन्य केंद्रीय अधिकारी मौजूद हैं। इसके अलावा भारतीय मजदूर संघ, विश्व हिंदू परिषद, भारतीय जनता पार्टी, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय किसान संघ और राष्ट्र सेविका समिति समेत 32 विविध संगठनों के राष्ट्रीय अध्यक्ष, महामंत्री, अखिल भारतीय संगठन मंत्री और चयनित कार्यकर्ता हिस्सा ले रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, विभिन्न संगठनों से 49 महिलाओं सहित कुल 253 प्रमुख कार्यकर्ता बैठक में शामिल होंगे। संघ के पदाधिकारियों को मिलाकर इस समन्वय बैठक में कुल 327 प्रतिनिधियों के उपस्थित रहने की अपेक्षा है। बैठक का मुख्य उद्देश्य संघ से जुड़े विभिन्न संगठनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और उनके कार्यों के अनुभवों व विचारों को साझा करना है। अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहे संगठनों के प्रतिनिधियों के एक मंच पर आने से जमीनी स्तर पर सामने आने वाले मुद्दों और सामाजिक कार्यों पर भी चर्चा का अवसर मिलेगा विशाखापट्टनम में शुरू हुई यह बैठक अगले तीन दिनों तक विचार, संवाद और समन्वय का प्रमुख केंद्र बनी रहेगी।


