मुंबई में गणेशोत्सव के दौरान लालबागचा राजा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसी बीच लालबाग के राजा के चरणों में चढ़ाए गए दान को लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। वीडियो सामने आने के बाद श्रद्धालुओं के मन में कई सवाल खड़े हो गए हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में अभिनेत्री मधू शाह लालबागचा राजा के दर्शन करती नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने गणपति के चरणों में 500 रुपये की नोट चढ़ाई थी। वीडियो में दिखाई देता है कि अभिनेत्री का ध्यान दूसरी ओर जाते ही वहां मौजूद एक व्यक्ति उस नोट को उठाकर कपड़े के पीछे रख देता है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इस घटना को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि गणपति के चरणों में श्रद्धा से चढ़ाया गया दान आखिर कहां जाता है और उसकी व्यवस्था किस तरह की जाती है?
लालबागचा राजा के दर्शन को लेकर VIP व्यवस्था पर पहले भी चर्चा होती रही है। ऐसे में इस वीडियो ने आम श्रद्धालुओं के मन में एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि दर्शन और दान की व्यवस्था में आम भक्तों और सेलिब्रिटीज के साथ व्यवहार में अंतर क्यों नजर आता है। हालांकि, वायरल वीडियो में दिखाई दे रही घटना के आधार पर ही पूरे दान प्रबंधन पर निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा। वीडियो में दिखाई देने वाली घटना को लेकर संबंधित पक्ष का स्पष्टीकरण सामने आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है।


