मुंबई : बॉलीवुड अभिनेत्री यामी गौतम धर इन दिनों अपनी शानदार जीत को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म ‘आर्टिकल 370’ में दमदार अभिनय के लिए उन्हें 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला है। इस उपलब्धि के बाद अब यामी अपनी अगली फिल्म ‘नयी नवेली’ के साथ दर्शकों के बीच आने के लिए तैयार हैं।
यामी के लिए इस फिल्म का ट्रेलर लॉन्च भी बेहद खास होने वाला है। 30 सितंबर को मुंबई में ‘नयी नवेली’ का ट्रेलर एक भव्य कार्यक्रम में लॉन्च किया जाएगा। राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने के बाद यह यामी का पहला बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम होगा। ऐसे में फिल्म के निर्माताओं ने उनके स्वागत के लिए खास तैयारी की है।
250 ढोल वादकों के साथ होगा स्वागत
यामी की राष्ट्रीय पुरस्कार जीत की खुशी को खास अंदाज में सेलिब्रेट करने के लिए ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में 250 ढोल वादक एक साथ प्रस्तुति देंगे। यामी का इस तरह स्वागत करने की तैयारी से साफ है कि यह कार्यक्रम सिर्फ फिल्म के ट्रेलर लॉन्च तक सीमित नहीं रहने वाला, बल्कि अभिनेत्री की हालिया उपलब्धि का जश्न भी होगा।
पहली बार साथ आया यह प्रोडक्शन कॉम्बिनेशन
‘नयी नवेली’ Amazon MGM Studios, यामी गौतम धर और आनंद एल. राय का पहला संयुक्त प्रोजेक्ट है। फिल्म का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है, जबकि इसकी कहानी और लेखन की जिम्मेदारी हिमांशु शर्मा और दिव्या निधि शर्मा ने संभाली है। फिल्म में यामी गौतम के साथ आदिनाथ कोठारे, मीता वशिष्ठ, सोनल झा, राजेश दुबे और आदित्य कुलश्रेष्ठ अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
‘भाभी तबाही’ को मिल रहा है पसंद
फिल्म का हाइ-एनर्जी गाना ‘भाभी तबाही’ हाल ही में रिलीज हुआ है। गाने को दर्शकों की ओर से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। अब फैंस की नजर फिल्म के ट्रेलर पर है, जिसे 30 सितंबर को लॉन्च किया जाएगा। ‘नयी नवेली’ 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। राष्ट्रीय पुरस्कार के बाद यामी गौतम की इस फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता भी बढ़ गई है।


