नागपुर : महाराष्ट्र राज्य नोंदणी एवं मुद्रांक राजपत्रित तथा अराजपत्रित कर्मचारी संगठनों की संयुक्त कृति समिति के आह्वान पर सोमवार (20 जुलाई) को राज्यभर में कामबंद आंदोलन किया गया। इसी के तहत नागपुर में नोंदणी उपमहानिरीक्षक कार्यालय, नागपुर विभाग, सह जिला निबंधक (शहर) और सह जिला निबंधक (ग्रामीण) कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद से मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा।
कर्मचारियों ने हाल ही में सह दुय्यम निबंधक रवींद्र कोली पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही पंजीयन कार्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, आवश्यक कर्मचारी उपलब्ध कराने और ‘एक जिला-एक पंजीयन’ नीति पर पुनर्विचार करने की भी मांग उठाई गई। इसके अलावा कई प्रशासनिक मुद्दों को भी ज्ञापन में शामिल किया गया।
प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के दौरान जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनकी सभी मांगों और मुद्दों को व्यक्तिगत रूप से राज्य के राजस्व मंत्री के समक्ष रखा जाएगा तथा उचित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रभावी ढंग से पहल की जाएगी।राज्यभर में जारी इस आंदोलन के बीच कर्मचारियों को प्रशासन की ओर से मिले इस आश्वासन को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


