मुंबई में गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच शनिवार रात एक दर्दनाक हादसे ने उत्सव का माहौल गम में बदल दिया। भुलेश्वर के प्रसिद्ध ‘भुलेश्वरचा राजा’ की 27 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा आगमन मिरवणूक के दौरान अचानक नीचे गिर गई। प्रतिमा के नीचे दबने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं।
क्या हुआ हादसा ?
बकरी अड्डा स्थित मूर्तिकार अनिकेत देसाई के कारखाने में तैयार की गई 27 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा को अखिल भुलेश्वर सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल के कार्यकर्ता और पदाधिकारी शनिवार रात कबूतरखाना इलाके में लेकर आ रहे थे। रात करीब 9 बजकर 51 मिनट पर प्रतिमा परिसर में पहुंची। इसी दौरान अचानक प्रतिमा एक तरफ झुक गई और कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों पर जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और मंडल के कार्यकर्ताओं ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल, पुलिस और राज्य रिजर्व पुलिस बल के जवान भी मौके पर पहुंचे।
इलाज के दौरान दो की मौत
हादसे में मंडल के अध्यक्ष और शिवसेना उपविभाग प्रमुख संकेत नेवशे (33) गंभीर रूप से घायल हुए थे। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, जीटी अस्पताल में भर्ती ब्रिजेश जोशी (30) के सीने में गंभीर चोट लगी थी। इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस हादसे में पांच अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
सड़क के गड्ढे पर उठे सवाल
हादसे के बाद मंडल के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब स्थिति को लेकर सवाल उठाए हैं। कार्यकर्ताओं के मुताबिक, जिस जगह हादसा हुआ वहां सड़क पर बड़ा गड्ढा था। प्रतिमा ले जाते समय वाहन या उसका संतुलन बिगड़ने से मूर्ति एक तरफ झुक गई और देखते ही देखते नीचे आ गिरी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पहले से ही सड़क पर कई बड़े गड्ढे हैं। इसके अलावा सड़क किनारे पार्किंग के कारण भी प्रतिमा ले जाने में परेशानी होती है। हालांकि, हादसे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


