मुंबई : मुंबई के कुर्ला स्थित कुरेशी नगर इलाके में गुरुवार आधी रात डिमोलिशन के काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। इमारत के ऊपरी हिस्से पर पोकलेन मशीन ले जाने के लिए इस्तेमाल की जा रही भारी क्रेन अचानक अपना संतुलन खो बैठी और पलट गई। क्रेन का बड़ा हिस्सा आसपास के इलाके में गिरने से अफरा-तफरी मच गई। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में 8 से 10 लोग घायल हुए हैं।
पोकलेन मशीन ऊपर ले जाते समय हुआ हादसा
कुरेशी नगर में एक पुरानी इमारत को गिराने का काम चल रहा था। पोकलेन मशीन को इमारत के ऊपरी हिस्से तक पहुंचाने के लिए भारी क्रेन का इस्तेमाल किया जा रहा था। मशीन को ऊपर उठाते समय अचानक क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते वह नीचे जा गिरी। क्रेन का कुछ हिस्सा पास के दो घरों पर गिरा, जिससे घरों को नुकसान पहुंचा और आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई।
कार और ऑटो को भी नुकसान
क्रेन के गिरने से इलाके में खड़ी एक कार और ऑटो-रिक्शा को भी नुकसान पहुंचा। इतना ही नहीं, क्रेन का एक हिस्सा मुंबई लोकल की ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायर पर भी जा गिरा। इससे रेल सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया।
आधी रात को मची अफरा-तफरी
हादसा रात के समय होने के कारण आसपास के लोगों में अचानक डर का माहौल बन गया। तेज आवाज सुनकर कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। घरों और वाहनों को नुकसान पहुंचने के बाद स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में मदद की। फिलहाल घटनास्थल को सुरक्षित करने और क्रेन को हटाने का काम जारी है।
हादसे की वजह की जांच शुरू
क्रेन आखिर किस वजह से पलटी, इसकी जांच शुरू कर दी गई है। तकनीकी खराबी, क्षमता से अधिक वजन या काम के दौरान हुई किसी चूक की आशंका की जांच की जा रही है। डिमोलिशन के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच होगी।


