कर्नाटक : त्योहारों के बीच आम लोगों के लिए महंगाई का एक और झटका सामने आ सकता है। कर्नाटक में दूध की कीमतों में प्रति लीटर 8 से 10 रुपये तक बढ़ोतरी किए जाने की तैयारी है। इस प्रस्ताव पर मंगलवार को होने वाली राज्य कैबिनेट की बैठक में फैसला होने की संभावना है। अगर कैबिनेट से मंजूरी मिलती है, तो कर्नाटक सरकार और कर्नाटक मिल्क फेडरेशन (KMF) के नंदिनी दूध की ओर से नए दामों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। प्रस्ताव के मुताबिक दूध की कीमत न्यूनतम 8 रुपये और अधिकतम 10 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ सकती है।
किस तारीख से लागू होंगे नए दाम?
कैबिनेट की मंजूरी के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बढ़ी हुई कीमतें किस तारीख से लागू होंगी। इसके साथ ही टोन्ड, स्टैंडर्ड और फुल क्रीम जैसे अलग-अलग प्रकार के दूध के नए दाम भी सामने आएंगे।
किसानों की मांग के बाद बढ़ोतरी की तैयारी
दूध उत्पादन में बढ़ती लागत के बीच दुग्ध उत्पादक किसानों की ओर से खरीद कीमत बढ़ाने की मांग की जा रही थी। किसानों को राहत देने के साथ-साथ फेडरेशन का आर्थिक संतुलन बनाए रखने के लिए कीमतों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा गया है। हालांकि, अगर दूध के दाम में एक साथ 8 से 10 रुपये की बढ़ोतरी होती है, तो इसका असर सिर्फ दूध तक सीमित नहीं रहेगा। हर सुबह की चाय से लेकर कॉफी, मिठाई और दूसरे दूध से बनने वाले उत्पादों तक, इसका असर आम परिवारों के महीने के बजट पर पड़ सकता है। खासकर त्योहारों के समय जब घर का खर्च पहले ही बढ़ जाता है, ऐसे में दूध की कीमत बढ़ना गृहिणियों के लिए अतिरिक्त चिंता बन सकता है। अब सभी की नजर कर्नाटक कैबिनेट के फैसले पर है। मंजूरी मिलती है या प्रस्ताव में बदलाव होता है, इसका फैसला आज की बैठक के बाद साफ होगा।


