नई दिल्ली : पाकिस्तान में सक्रिय प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े बताए जा रहे एक व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में रिजवान हनीफ नाम का शख्स दावा करता दिखाई दे रहा है कि पिछले कुछ वर्षों में भारतीय एजेंटों ने पाकिस्तान में घुसकर 30 से अधिक आतंकियों को मार गिराया है। हालांकि, इस दावे की भारत या पाकिस्तान की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो में हनीफ आरोप लगाता है कि भारतीय खुफिया एजेंसियों ने पाकिस्तान के भीतर अपने एजेंट भेजे और कई आतंकी संगठनों से जुड़े लोगों को निशाना बनाया। उसने दावा किया कि ऐसी घटनाएं पेशावर, कराची, रावलपिंडी, मुजफ्फराबाद और रावलाकोट जैसे शहरों में हुईं। पिछले कुछ महीनों से पाकिस्तान में कई आतंकियों की रहस्यमयी हत्याओं के बाद सोशल मीडिया पर “Unknown Gunmen” हैशटैग भी लगातार चर्चा में रहा है। वायरल वीडियो में रिजवान हनीफ ने इसी मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा कि उसके संगठन के कई सदस्य इन घटनाओं में मारे गए।
गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाया था। इसके बाद पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी नेटवर्क को लेकर लगातार चर्चाएं तेज हुईं। ऐसे माहौल में सामने आया यह वीडियो नई बहस को जन्म दे रहा है।लश्कर-ए-तैयबा की स्थापना 1980 के दशक में हाफिज मोहम्मद सईद, जफर इकबाल और अब्दुल्ला अज़्ज़ाम ने की थी। यह संगठन भारत में कई बड़े आतंकी हमलों के लिए जिम्मेदार माना जाता है और कई देशों द्वारा प्रतिबंधित घोषित किया जा चुका है।


