नागपुर : गणपति उत्सव के दस दिनों तक घर-घर और पंडालों में भक्ति का माहौल रहने के बाद अब बप्पा को विदाई देने की तैयारी शुरू हो गई है। अनंत चतुर्दशी पर ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष के बीच होने वाले विसर्जन को लेकर नागपुर महानगरपालिका ने व्यापक व्यवस्था की है। इस बार कोशिश यही है कि श्रद्धा के साथ बप्पा की विदाई हो और शहर के जलस्रोतों पर भी इसका असर न पड़े।
महापौर निता ठाकरे ने बुधवार को सक्करदरा तलाव, गांधीसागर तलाव, पुलिस लाइन टाकली, कोराडी तलाव, सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान कच्छीविसा और नाईक तलाव परिसर में बनाए गए कृत्रिम विसर्जन कुंडों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विसर्जन के लिए आने वाले नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो। इसके लिए बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, पर्याप्त रोशनी, पानी की व्यवस्था और जलतरणपटुओं की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।
शहर में 447 कृत्रिम विसर्जन कुंड
नागपुर में पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए मनपा ने 225 स्थानों पर कुल 447 कृत्रिम विसर्जन कुंड तैयार किए हैं। नौवें दिन 49 स्थानों पर बनाए गए 137 कृत्रिम तालाबों में 2,286 गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इनमें 2,124 मिट्टी की और 162 पीओपी की प्रतिमाएं शामिल थीं।
बड़े गणपति के लिए अलग व्यवस्था
बड़ी गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए गोरेवाड़ा, पुलिस लाइन टाकली, कच्छीविसा और कोराडी में विशेष बड़े तालाब तैयार किए गए हैं। इसके अलावा नागरिकों की सुविधा के लिए शहर में 22 मोबाइल कुंड भी उपलब्ध रहेंगे। यानी छोटे-बड़े गणपति के विसर्जन के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है।
घर के पास विसर्जन स्थल अब मोबाइल पर
विसर्जन के लिए शहर में कहां जाना है, इसे लेकर नागरिकों को इधर-उधर पूछताछ करने की जरूरत नहीं होगी। मनपा ने कृत्रिम तालाबों और विसर्जन स्थलों की जानकारी के लिए विशेष वेबसाइट और QR कोड तैयार किया है। मोबाइल से QR कोड स्कैन करने पर घर के आसपास के कृत्रिम तालाब की जानकारी मिलेगी। इसके साथ ही Google Maps के जरिए वहां पहुंचने का रास्ता भी देखा जा सकेगा।
निर्माल्य से बनेगा जैविक खाद
बप्पा के साथ आने वाले फूल और अन्य निर्माल्य को भी कचरे में जाने से रोकने की तैयारी की गई है। मनपा के सभी 10 जोन में 18 निर्माल्य रथ सेवा देंगे। इन रथों के जरिए गणेश मंडलों से निर्माल्य एकत्र किया जाएगा और भांडेवाड़ी प्रकल्प में वैज्ञानिक तरीके से प्रक्रिया कर उससे जैविक खाद तैयार की जाएगी। निर्माल्य रथ से जुड़ी जानकारी के लिए मनपा ने 1800 2677 966 टोल फ्री नंबर भी जारी किया है।
1 हजार सफाई कर्मचारी मैदान में
विसर्जन के दौरान शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी 10 जोन में करीब 1 हजार सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है। मनपा ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे पर्यावरणपूरक तरीके से गणपति विसर्जन करें और नागपुर को स्वच्छ रखने में सहयोग दें। इस बार बप्पा की विदाई सिर्फ एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि शहर और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी अवसर है। श्रद्धा बनी रहे और प्रकृति भी सुरक्षित रहे, इसी सोच के साथ नागपुर मनपा ने विसर्जन की तैयारी की है।


