पुणे : अगर आप रोज़ पुणे की सड़कों पर सफर करते हैं, तो ट्रैफिक जाम की परेशानी आपके लिए नई बात नहीं होगी। अब इस समस्या की पुष्टि एक अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट ने भी कर दी है। TomTom Traffic Index 2025 की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रैफिक जाम के मामले में पुणे दुनिया का पांचवां सबसे अधिक प्रभावित शहर बन गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 में ट्रैफिक जाम की वजह से पुणे के लोगों के 152 घंटे यानी करीब 6 दिन 8 घंटे सड़क पर ही बर्बाद हो गए। शहर में औसतन ट्रैफिक जाम का स्तर 71 फीसदी दर्ज किया गया, जबकि वाहनों की औसत रफ्तार सिर्फ 18 किलोमीटर प्रति घंटा रही। आंकड़ों के अनुसार, पुणे में 10 किलोमीटर का सफर तय करने में औसतन 33 मिनट 20 सेकंड लग रहे हैं। वहीं, सुबह के व्यस्त समय में यही दूरी तय करने में 38 मिनट 13 सेकंड और शाम के पीक आवर में 41 मिनट 40 सेकंड तक का समय लग रहा है।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि अगस्त 2025 पुणे में सबसे ज्यादा ट्रैफिक वाला महीना रहा, जब जाम का स्तर 79 फीसदी तक पहुंच गया। वहीं, मार्च 2025 में सबसे कम ट्रैफिक दर्ज किया गया। 16 अक्टूबर 2025 को पुणे में सबसे खराब ट्रैफिक देखने को मिला। उस दिन महज 2.7 किलोमीटर की दूरी तय करने में 15 मिनट लग गए। दुनिया के सबसे ज्यादा ट्रैफिक वाले शहरों की सूची में मेक्सिको सिटी पहले, बेंगलुरु दूसरे, डबलिन तीसरे, पोलैंड का लॉड्ज़ चौथे और पुणे पांचवें स्थान पर है।


