न्यू एरा अस्पताल में 20 लाख रुपये से अधिक की बिना लाइसेंस दवाओं का स्टॉक जब्त, एफडीए की बड़ी कार्रवाई

नागपुर: शहर के प्रसिद्ध न्यू एरा अस्पताल के मेडिकल स्टोर पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल के बेसमेंट से बिना लाइसेंस रखी गई 20 लाख 15 हजार 290 रुपये मूल्य की दवाइयों का स्टॉक जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद चिकित्सा क्षेत्र में हलचल मच गई है।
एफडीए की नागपुर टीम को न्यू एरा अस्पताल की फार्मेसी के संबंध में गोपनीय सूचना मिली थी। इसके आधार पर लकड़गंज स्थित टेलीफोन एक्सचेंज चौक में मौजूद अस्पताल के मेडिकल स्टोर का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान दवाओं के स्टॉक में बड़ी गड़बड़ी सामने आई। आगे की जांच में अस्पताल के बेसमेंट के एक कमरे में बिना वैध लाइसेंस और आवश्यक दस्तावेजों के बड़ी मात्रा में दवाइयां रखी मिलीं, जिन्हें एफडीए ने जब्त कर लिया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा मरीजों को लिखी गई दवाओं की मूल प्रिस्क्रिप्शन मरीजों या उनके परिजनों को देने के बजाय सीधे कंप्यूटर प्रणाली के माध्यम से अस्पताल के मेडिकल स्टोर पर भेजी जा रही थी। इससे मरीजों के पास बाहर के मेडिकल स्टोर से दवाइयां खरीदने का विकल्प नहीं बचता था। जबकि एफडीए आयुक्त ने 12 जून 2026 को अस्पतालों को यह स्पष्ट निर्देश जारी किया था कि मरीजों को अस्पताल के मेडिकल स्टोर से ही दवा खरीदने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता और इस संबंध में सूचना बोर्ड लगाना अनिवार्य है। जांच में अस्पताल में ऐसा कोई बोर्ड भी नहीं मिला।
निरीक्षण के दौरान कई अन्य अनियमितताएं भी सामने आईं। इनमें मेडिकल स्टोर के नामफलक पर ‘केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट’ का उल्लेख नहीं होना, एक्सपायरी दवाओं को अलग रखने की व्यवस्था का अभाव, संवेदनशील ‘शेड्यूल्ड-1’ दवाओं के स्टॉक में विसंगति तथा निरीक्षण पुस्तिका (फॉर्म-35) उपलब्ध नहीं होना शामिल है। एफडीए ने दो दवाओं के नमूने भी जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। एफडीए ने इस पूरे मामले में न्यू एरा अस्पताल के संबंधित संस्थान को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही, ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।

लोकतंत्र मिरर

लोकतंत्र मिरर जनता का भरोसेमंद न्यूज चैनल 📍 महाराष्ट्र | पूरे भारत की खबरें ⚡ राजनीति | व्यापार | मनोरंजन | खेल | ताजा अपडेट 📢 ब्रांड प्रमोशन/ विज्ञापन के लिए संपर्क करे: 📞 9545924968/7758043733

Related Posts

शिवाजीनगर से औंध तक जाम ही जाम! मेट्रो काम, अतिक्रमण और गड्ढों से पुणेकर परेशान

पुणे : पुणे के गणेशखिंड रोड पर इन दिनों यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। शिवाजीनगर से औंध तक मेट्रो निर्माण कार्य, सड़क किनारे अतिक्रमण और जगह-जगह बने गड्ढों…

OSD ने संभाला नियोजन अधिकारी का कक्ष

नांदेड : करीब छह महीने बाद होने जा रही जिला नियोजन समिति की बैठक से पहले नांदेड कलेक्टरेट में एक अलग ही तस्वीर देखने को मिल रही है। पालकमंत्री अतुल…