नागपुर : नागपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना का निर्माण कार्य लगातार गति पकड़ रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को लोकविहार मेट्रो स्टेशन पर पहले प्री-इंजीनियर्ड बिल्डिंग (PEB) कॉलम की सफल स्थापना के साथ एक अहम चरण पूरा हुआ। इस कार्य की शुरुआत महाराष्ट्र मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (महा मेट्रो) के प्रबंध निदेशक श्रावण हर्डीकर के मार्गदर्शन में की गई।
इस अवसर पर निदेशक (परियोजना) राजीव त्यागी, प्रोजेक्ट डायरेक्टर (जनरल कंसल्टेंट) नागसेन धोके, कार्यकारी निदेशक नरेश गुरबानी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। PEB संरचना मेट्रो स्टेशन के प्लेटफॉर्म की छत को मजबूती देने का मुख्य आधार होती है। फेज-2 के तहत बनने वाले 32 स्टेशनों के लिए करीब 4,500 मीट्रिक टन स्टील का उपयोग किया जाएगा। प्रत्येक स्टेशन पर लगभग 120 से 150 मीट्रिक टन स्टील की संरचना तैयार की जाएगी। इस बार महा मेट्रो ने नई और सरल डिजाइन अपनाई है, जिससे स्टील की खपत में बड़ी कमी आई है। टेपरड कॉलम, एलिप्टिकल रूफ और Z पर्लिन्स जैसी आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल से एक स्टेशन की PEB संरचना का वजन 230 मीट्रिक टन से घटकर 120 मीट्रिक टन रह गया है। यानी हर स्टेशन पर करीब 110 मीट्रिक टन स्टील की बचत होगी।
खास बात यह है कि वजन कम होने के बावजूद स्टेशन की छत पर सोलर पैनल लगाने में कोई परेशानी नहीं होगी। नई तकनीक की मदद से निर्माण कार्य पहले की तुलना में अधिक तेज़ी से पूरा होगा और लागत में भी उल्लेखनीय बचत होने की उम्मीद है।


