नागपुर में 12 से अधिक निजी स्कूलों और जिलाधिकारी कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी

धमकी भरे ई-मेल से मचा हड़कंप, स्कूलों में पहुंची पुलिस और BDDS टीम; जांच में अब तक नहीं मिला कोई विस्फोटक

नागपुर : नागपुर शहर में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 12 से अधिक निजी स्कूलों, एक सरकारी स्कूल और नागपुर जिलाधिकारी कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले ई-मेल मिले। धमकी भरे ई-मेल सामने आते ही संबंधित स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नागपुर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी और बॉम्ब डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) को अलग-अलग स्थानों पर रवाना किया गया।

धमकी की जानकारी मिलते ही पुलिस ने एहतियात के तौर पर संबंधित स्कूलों में सुरक्षा जांच शुरू कर दी। BDDS टीम ने स्कूल परिसर, कक्षाओं, कार्यालयों और अन्य संभावित स्थानों की गहन तलाशी ली। वर्धमाननगर स्थित सेंटर पॉइंट स्कूल में भी बम निरोधक दस्ते ने जांच की।बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कुछ स्थानों पर विद्यार्थियों को कक्षाओं से सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं, धमकी की खबर फैलते ही अभिभावकों की चिंता बढ़ गई। कई माता-पिता अपने बच्चों को लेने के लिए स्कूल पहुंच गए। कुछ स्कूलों के बाहर अभिभावकों की भीड़ जमा होने से कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। हालांकि, जांच के दौरान अब तक किसी भी स्कूल या कार्यालय से कोई संदिग्ध वस्तु अथवा विस्फोटक पदार्थ नहीं मिला है। इसके बावजूद पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है और सभी संबंधित स्थानों पर सुरक्षा जांच जारी है।

ई-मेल में ‘खालिस्तानी’ शब्द का भी जिक्र?

जानकारी के अनुसार, धमकी भरे ई-मेल में ‘खालिस्तानी’ शब्द का उल्लेख होने की बात सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में नागपुर पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में इस दावे की सच्चाई और इसके पीछे की मंशा जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस साइबर टीम की मदद से ई-मेल की तकनीकी जांच कर रही है। धमकी वाले ई-मेल किसने भेजे, उनका स्रोत क्या है और इसके पीछे आखिर किसका हाथ है, इन सभी सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।

पुलिस ने लोगों से की शांति बनाए रखने की अपील

धमकी की खबर के बाद शहर में अभिभावकों और आम नागरिकों के बीच चिंता का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को कोई संदिग्ध वस्तु, व्यक्ति या गतिविधि दिखाई देती है, तो खुद कार्रवाई करने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें। फिलहाल किसी भी स्थान से विस्फोटक मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं।

लोकतंत्र मिरर

लोकतंत्र मिरर जनता का भरोसेमंद न्यूज चैनल 📍 महाराष्ट्र | पूरे भारत की खबरें ⚡ राजनीति | व्यापार | मनोरंजन | खेल | ताजा अपडेट 📢 ब्रांड प्रमोशन/ विज्ञापन के लिए संपर्क करे: 📞 9545924968/7758043733

Related Posts

जूनियर कॉलेज के 10 हजार शिक्षकों पर अतिरिक्त होने का खतरा!

नागपुर : अनुदानित जूनियर कॉलेजों में पढ़ाने वाले हजारों शिक्षकों के लिए नई संचमान्यता चिंता का कारण बन गई है। 2025-26 के लिए पहले जहां कक्षा और तुकड़ी के आधार…

बेलतरोड़ी में आधी रात फायरिंग, दो युवक गंभीर; इलाके में मचा हड़कंप

नागपुर : पोला और मारबत उत्सव को देखते हुए शहर में पुलिस का कड़ा बंदोबस्त था। इसी बीच बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र में आधी रात के बाद हुई फायरिंग ने सुरक्षा…