नागपुर : महाराष्ट्र की पारंपरिक कुश्ती को नई पहचान और विदर्भ के पहलवानों को बड़ा मंच देने के उद्देश्य से इस साल महाराष्ट्र केसरी कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन नागपुर में किया जाएगा। प्रतिष्ठित महाराष्ट्र केसरी का यह महासंग्राम दिसंबर या जनवरी महीने में नागपुर में रंगने की संभावना है। इस प्रतियोगिता में महाराष्ट्र के अलग-अलग जिलों से चयनित करीब 1,500 पहलवान हिस्सा लेंगे।
इस बार प्रतियोगिता के विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कारों की घोषणा की गई है। महाराष्ट्र केसरी बनने वाले पहलवान को फॉर्च्यूनर कार, जबकि उपविजेता को स्कॉर्पियो कार पुरस्कार के रूप में दी जाएगी। इसके अलावा विभिन्न वजन वर्गों में शानदार प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को 18 बुलेट मोटरसाइकिलें भी पुरस्कार के तौर पर दी जाएंगी। विदर्भ में कुश्ती को राजाश्रय मिले और इस क्षेत्र के युवा पहलवानों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा अवसर मिले, इसी उद्देश्य से महाराष्ट्र केसरी स्पर्धा नागपुर में आयोजित की जा रही है। इससे विदर्भ के कुश्ती प्रेमियों के साथ-साथ स्थानीय पहलवानों में भी उत्साह का माहौल है।
महिला और बच्चों की कुश्ती भी विदर्भ में
इस साल महाराष्ट्र की कुश्ती के लिए विदर्भ खास केंद्र बनने जा रहा है। महिला महाराष्ट्र केसरी प्रतियोगिता वाशिम में, जबकि बच्चों की कुश्ती प्रतियोगिता भंडारा में आयोजित की जाएगी। यानी महाराष्ट्र की कुश्ती से जुड़ी तीन प्रमुख प्रतियोगिताएं इस बार विदर्भ में होने जा रही हैं। इन प्रतियोगिताओं के जरिए ग्रामीण और छोटे शहरों से आने वाले युवा पहलवानों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। नागपुर में होने वाली महाराष्ट्र केसरी स्पर्धा को लेकर अब पहलवानों के साथ ही कुश्ती प्रेमियों की नजर भी आयोजन की तारीख और तैयारियों पर है।


