नागपुर में बदलते मौसम के बीच बच्चों में वायरल और श्वसन संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ते नजर आ रहे हैं। घरों में बच्चों के बीमार पड़ने से अभिभावकों की चिंता भी बढ़ गई है। GMCH की बाल रोग ओपीडी में पिछले तीन महीनों में करीब 7,600 बच्चे फ्लू जैसे लक्षणों के साथ पहुंचे। पिछले साल इसी अवधि में यह संख्या करीब 2,500 थी। यानी इस साल बच्चों में ऐसे मामलों में करीब तीन गुना बढ़ोतरी दर्ज हुई है।
डॉक्टरों के मुताबिक बच्चों में H1N1 के साथ राइनोवायरस, एंटरोवायरस और एडेनोवायरस जैसे संक्रमण के मामले भी सामने आ रहे हैं। बदलते तापमान और नमी को संक्रमण बढ़ने की एक वजह माना जा रहा है। इधर, सितंबर महीने में नागपुर जिले में स्वाइन फ्लू के 147 नए मामले सामने आए। इनमें 128 मामले नागपुर शहर और 19 मामले ग्रामीण क्षेत्र के हैं। इस साल ग्रामीण नागपुर में स्वाइन फ्लू से पांच लोगों की मौत भी हुई है। त्योहारी सीजन में बाजारों और सार्वजनिक जगहों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए संक्रमण को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है। बच्चों में फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर अभिभावकों को सतर्क रहने और डॉक्टरों की सलाह लेने की अपील की जा रही है।


