नागपुर : नागपुर के पाचपावली इलाके स्थित कमाल चौक में आधी रात हुई फायरिंग की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, हिस्ट्रीशीटर अजय चिंचखेड़े पर कथित रूप से जानलेवा हमला किया गया, हालांकि वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल देखा गया और देर रात तक इलाके में हलचल बनी रही।
प्राथमिक जांच के मुताबिक, अजय चिंचखेड़े अपने कुछ साथियों के साथ कमाल चौक के पास मौजूद था। इसी दौरान उसके प्रतिद्वंद्वी वहां पहुंचे और उस पर गोली चला दी। गोली निशाने से चूक गई, जिससे उसकी जान बच गई। फायरिंग के तुरंत बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, जबकि अजय भी वहां से निकल गया। घटना के बाद अजय चिंचखेड़े ने पुलिस को शिकायत देकर मौके से मिले खाली कारतूस सौंपे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जगदीश विजय गोखले और उसके साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश और इलाके में वर्चस्व की लड़ाई को घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद होने की जानकारी भी सामने आई है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार कहां से लाया गया था।
घटना के बाद कमाल चौक और आसपास के इलाके में अतिरिक्त पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि देर रात अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर लोग घबरा गए और कुछ समय तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।


