नांदेड़ : नांदेड़ और लातूर के बीच प्रस्तावित नई डायरेक्ट रेल लाइन परियोजना को लेकर महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। दोनों शहरों को सीधे रेल मार्ग से जोड़ने वाली इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का काम फिलहाल प्रगति पर है। इस संबंध में रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने अशोकराव चव्हाण को पत्र लिखकर परियोजना की जानकारी दी है।
राज्यसभा सांसद अशोकराव चव्हाण ने 9 मार्च को राज्यसभा में नांदेड़ से लातूर तक नई डायरेक्ट रेल लाइन की मांग उठाई थी। उन्होंने इस परियोजना की आवश्यकता बताते हुए केंद्र सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित किया था। इसके बाद रेल मंत्रालय ने परियोजना की वर्तमान स्थिति से उन्हें अवगत कराया है। रेल मंत्रालय के पत्र के अनुसार, नांदेड़ और लातूर रोड के बीच सीधा एवं वैकल्पिक रेल संपर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 104 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन के सर्वेक्षण को रेलवे बोर्ड से पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। इसके तहत क्षेत्रीय सर्वेक्षण का कार्य पूरा कर लिया गया है।
अब परियोजना के अगले चरण में विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है। डीपीआर पूरी होने के बाद परियोजना की आगे की प्रक्रिया को गति मिलने की संभावना है। इस प्रगति के साथ मराठवाड़ा के दो प्रमुख जिलों नांदेड़ और लातूर के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। परियोजना पूरी होने के बाद दोनों शहरों के बीच आवागमन आसान होने के साथ क्षेत्र के व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी लाभ मिलने की संभावना है।


