नांदेड : युवाओं को नशे से दूर रखने और एक स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से नांदेड में ‘नशामुक्त युवा – विकसित भारत’ संकल्प अभियान का आयोजन किया गया। भारत सरकार के मेरा युवा भारत (MY भारत) नांदेड और स्वामी रामानंद तीर्थ मराठवाड़ा विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इस माध्यम से प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं से नशामुक्त जीवनशैली अपनाने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री के संदेश के बाद उपस्थित विद्यार्थियों ने ‘नशामुक्त युवा – विकसित भारत’ का संकल्प लेते हुए समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की शपथ ली। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. मनोहर चासकर ने की। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना संचालक डॉ. मारोती गायकवाड और जिला युवा अधिकारी MY भारत अशनी अनिल कनकटे प्रमुख रूप से उपस्थित थे। कुलगुरु डॉ. मनोहर चासकर ने कहा कि युवा शक्ति देश का भविष्य है। युवाओं ने यदि नशामुक्त जीवन का संकल्प लिया तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। वहीं डॉ. मारोती गायकवाड ने राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से युवाओं को सामाजिक कार्यों में आगे आने का आह्वान किया।
जिला युवा अधिकारी अशनी अनिल कनकटे ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशामुक्ति केवल व्यक्तिगत निर्णय नहीं, बल्कि एक सामाजिक आंदोलन है। प्रत्येक युवा को अपने स्तर पर जागरूकता फैलाने में योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम की शुरुआत पूज्य स्वामी रामानंद तीर्थ की प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित कर की गई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नितीन गायकवाड ने किया। इस अभियान के सफल आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना विभाग के बंडू कांबळे, सिस्टीम एक्सपर्ट विभाग के विजय हनवते, सह्याद्री पगडे, नरसिंग कागडा सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी, स्वयंसेवक और विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। MY भारत के इस अभियान ने नांदेड के युवाओं में नशामुक्ति को लेकर जागरूकता बढ़ाने के साथ ही स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को और मजबूत किया।


