त्योहारों का मौसम करीब है और ऐसे में घर की रसोई का बजट आम लोगों के लिए एक बार फिर चिंता का विषय बन सकता है। दालों की बढ़ती कीमतों के बीच अब केंद्र सरकार इनकी उपलब्धता बढ़ाने और कीमतों को नियंत्रित करने के लिए कुछ दालों के आयात शुल्क में कटौती पर विचार कर रही है।
माना जा रहा है कि चना और मटर को इस फैसले में शामिल किया जा सकता है। फिलहाल चना और मसूर पर 10 प्रतिशत, जबकि मटर पर 30 प्रतिशत आयात शुल्क है। वहीं तूर और उड़द के आयात पर 31 मार्च 2027 तक शुल्क नहीं है। कम बारिश और घरेलू उत्पादन को लेकर बनी चिंता के बीच सरकार आयात के जरिए बाजार में दालों की उपलब्धता बढ़ाने की कोशिश कर रही है। त्योहारों के दौरान दाल की मांग बढ़ने की संभावना को देखते हुए कीमतों पर दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में आयात शुल्क में कटौती से बाजार में आपूर्ति बढ़ाने की कोशिश की जा सकती है।
हालांकि, अभी इस संबंध में सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इसलिए फिलहाल यह प्रस्ताव विचार के स्तर पर ही है। अगर आयात शुल्क में कटौती होती है, तो आने वाले त्योहारों में दाल की कीमतों को लेकर आम परिवारों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद बन सकती है।


