Suryakumar Yadav On T20I Snub: भारतीय टी-20 टीम से बाहर किए जाने के बाद स्टार बल्लेबाज और पूर्व टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहली बार इस फैसले पर खुलकर बात की है। सूर्यकुमार ने बताया कि टीम की घोषणा से करीब दो-तीन दिन पहले ही चयन समिति ने उन्हें फोन कर फैसले की जानकारी दे दी थी।
टीम में नाम नहीं देखकर पहले हंसे सूर्यकुमार
सूर्यकुमार यादव ने पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान बताया कि जब उन्हें टीम में अपना नाम नहीं होने की जानकारी मिली, तो उनकी पहली प्रतिक्रिया हंसने की थी। लेकिन कुछ दिनों बाद उन्हें इस फैसले का बुरा लगने लगा।
सूर्यकुमार के मुताबिक, पिछले एक-दो साल से वह टीम के साथ लगातार क्रिकेट खेल रहे थे। मुश्किल और दबाव वाली परिस्थितियों में खुद को शांत रखने के लिए वह अक्सर मुस्कुराने की कोशिश करते हैं। लेकिन इस बार मामला उनके लिए थोड़ा अलग था।
चयनकर्ताओं ने फोन कर पहले ही बता दिया था फैसला
सूर्यकुमार ने खुलासा किया कि टीम घोषित होने से दो-तीन दिन पहले चयनकर्ताओं ने उन्हें फोन किया था। इस दौरान उन्हें बताया गया कि अब टीम को आगे बढ़ाने का समय आ गया है। सूर्यकुमार ने कहा कि उन्होंने चयनकर्ताओं के फैसले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और न ही टीम में जगह बनाए रखने के लिए कोई अनुरोध किया। उनका मानना था कि चयन समिति ने टीम के हित को ध्यान में रखते हुए ही यह फैसला लिया होगा।
विश्व कप जीतने के बाद कुछ और ही सोच रहे थे SKY
सूर्यकुमार यादव के लिए यह फैसला इसलिए भी भावनात्मक था क्योंकि मार्च 2026 में भारत ने टी-20 विश्व कप जीता था। इसके बाद उन्हें उम्मीद थी कि वह आने वाले वर्षों में भी भारतीय टीम का नेतृत्व करेंगे। सूर्यकुमार ने बताया कि वह सोच रहे थे कि अगले दो साल टीम को आगे लेकर जाएंगे। इसके बाद ओलंपिक और फिर एक और टी-20 विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट सामने थे। लेकिन उनकी सोच और चयनकर्ताओं की योजना अलग निकली।
‘डेढ़ महीने तक घर बैठकर सोचता रहा…’
टीम से बाहर होने के बाद सूर्यकुमार ने करीब डेढ़ महीने तक इस फैसले के बारे में काफी सोचा। उनके मन में यह सवाल था कि विश्व कप जीतने के तुरंत बाद टीम में इतना बड़ा बदलाव क्यों किया गया। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि आईपीएल में उनका प्रदर्शन उनकी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। इसके बावजूद विश्व कप जीतने के तुरंत बाद टी-20 टीम से बाहर किए जाने का फैसला उन्हें समझ नहीं आया।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी पर क्या बोले सूर्यकुमार?
सूर्यकुमार की जगह श्रेयस अय्यर को टी-20 टीम की कप्तानी सौंपी गई। हालांकि, सूर्यकुमार ने अय्यर की कप्तानी पर किसी तरह की नाराजगी नहीं जताई। उन्होंने कहा कि वह श्रेयस अय्यर के साथ काफी क्रिकेट खेल चुके हैं। अय्यर एक अच्छे खिलाड़ी होने के साथ-साथ अच्छे इंसान और अच्छे कप्तान भी हैं। इसलिए उन्हें कप्तानी दिए जाने पर सूर्यकुमार को कोई आपत्ति नहीं थी। हालांकि, अपनी कप्तानी में टीम को मिली सफलता के बाद अचानक बदलाव होने से उन्हें थोड़ा दुख जरूर हुआ।
क्रिकेट से दूरी नहीं बनाएंगे सूर्यकुमार
टी-20 टीम से बाहर होने के बावजूद सूर्यकुमार यादव ने साफ कर दिया है कि वह क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में टीम को उनकी जरूरत महसूस हुई और उन्हें दोबारा बुलाया गया, तो वह पूरी तरह तैयार रहेंगे। सूर्यकुमार के इस खुलासे के बाद उन्हें भारतीय टी-20 टीम से बाहर किए जाने का फैसला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। अब देखना होगा कि आने वाले समय में चयनकर्ता सूर्यकुमार को दोबारा टीम में मौका देते हैं या नहीं।


