नागपुर : प्रतिबंधित चीज एनालॉग के उत्पादन, भंडारण, वितरण और बिक्री के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने नागपुर में बड़ी कार्रवाई की है। शहर की दो डेयरी इकाइयों में जांच के दौरान बड़ी मात्रा में चीज एनालॉग और अन्य दुग्धजन्य पदार्थों का स्टॉक मिला। कार्रवाई के बाद करीब 46 लाख रुपये कीमत का 23 हजार किलो से अधिक स्टॉक नष्ट किया गया। इसके अलावा बुटीबोरी स्थित मे. अजित डिलाइट प्रा. लि. के खिलाफ भी FDA ने कार्रवाई की है। कंपनी के रस्क टोस्ट के लेबल पर जरूरी चेतावनी नहीं होने के कारण 14 लाख 13 हजार 854 रुपये कीमत का 9,827 किलो रस्क टोस्ट जब्त किया गया।
लेबल पर जरूरी चेतावनी नहीं
FDA की जानकारी के अनुसार, 7 अगस्त को बुटीबोरी के फूड पार्क, फाइव्ह स्टार इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मे. अजित डिलाइट प्रा. लि. की जांच की गई। इस दौरान ‘रस्क’ उत्पाद के लेबल पर आर्टिफिशियल स्वीटनर INS 9.1 का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिली। हालांकि, कृत्रिम या नॉन-न्यूट्रिटिव स्वीटनर के इस्तेमाल को लेकर उपभोक्ताओं के लिए जरूरी चेतावनी लेबल पर नहीं दी गई थी। नियमों के मुताबिक ऐसे उत्पादों के लेबल पर इस्तेमाल किए गए आर्टिफिशियल या नॉन-न्यूट्रिटिव स्वीटनर की जानकारी के साथ ‘Not Recommended for Children’ जैसी चेतावनी देना जरूरी है। वहीं, उत्पाद में अस्पार्टेम का इस्तेमाल होने पर फेनाइलकीटोन्यूरिक्स से संबंधित चेतावनी देना भी अनिवार्य है। इन जरूरी घोषणाओं के अभाव में रस्क टोस्ट का पूरा संबंधित स्टॉक जब्त किया गया।
दो डेयरियों में भी कार्रवाई
FDA की ‘सेफ फूड अॅण्ड सेफ महाराष्ट्र’ मुहिम के तहत 6 अगस्त को नागपुर की मे. चंद्रा डेयरी, पिवळी नदी, वांजरा और मे. शिवम डेयरी फूड प्रॉडक्ट्स, ईंटा भट्टी चौक में जांच की गई। चंद्रा डेयरी में दही, चीज एनालॉग और स्किम मिल्क पाउडर के नमूने जांच के लिए लिए गए। इसके बाद 42 लाख 30 हजार 690 रुपये कीमत का 22,035 किलो स्टॉक जब्त किया गया। वहीं, शिवम डेयरी फूड प्रॉडक्ट्स में चीज एनालॉग का नमूना लेने के बाद 4 लाख 62 हजार 800 रुपये कीमत का 1,930 किलो स्टॉक जब्त किया गया।
महाराष्ट्र में चीज एनालॉग के उत्पादन, भंडारण, वितरण और बिक्री पर प्रतिबंध है। इसी के तहत दोनों प्रतिष्ठानों से जब्त दही और चीज एनालॉग का स्टॉक नष्ट कर दिया गया। FDA की इस कार्रवाई से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लेबलिंग नियमों को लेकर लापरवाही करने वाले प्रतिष्ठानों में हड़कंप मचा है। साथ ही, उपभोक्ताओं के लिए यह कार्रवाई इस बात को लेकर महत्वपूर्ण है कि बाजार में बिकने वाले खाद्य उत्पादों पर जरूरी जानकारी और चेतावनी स्पष्ट रूप से दी जाए।


