बेंगलुरु : कर्नाटक के बेंगलुरु दक्षिण तालुक के मडपट्टणा स्थित एक पत्थर खदान में गुरुवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। काम के दौरान अचानक ग्रेनाइट की विशाल चट्टान गिरने से 8 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य मजदूर घायल हो गए। मृतकों में अधिकांश मजदूर बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो रोज़गार के लिए यहां काम कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, हादसे के समय खदान में बिहार और उत्तर कर्नाटक के करीब 18 मजदूर काम में जुटे थे। इसी दौरान लगभग 40 फीट ऊंचाई से ग्रेनाइट की भारी चट्टान अचानक नीचे आ गिरी। चट्टान की चपेट में आने से कई मजदूर दब गए। हादसा इतना भीषण था कि खदान में खड़े लोडिंग वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक ट्रैक्टर के भी कई टुकड़े हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। इसके बाद मलबा हटाकर दबे मजदूरों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों के अनुसार, हादसे में घायल मजदूरों का इलाज जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। इस घटना पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि खदानों में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना खदान संचालकों की जिम्मेदारी है। यदि किसी खदान में सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


