पुणे : पुणे शहर और जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब घाट क्षेत्रों में भी साफ दिखाई देने लगा है। शुक्रवार सुबह सिंहगढ़ किले के मुख्य प्रवेश द्वार के पास भूस्खलन की घटना सामने आई। पहाड़ी से तीन से चार बड़े पत्थर सीढ़ियों पर गिर गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
वन संरक्षण समिति के सुरक्षा कर्मियों ने सुबह निरीक्षण के दौरान भूस्खलन देखा, जिसके बाद घटना की जानकारी प्रशासन को दी गई और मौके का वीडियो भी तैयार किया गया। वन संरक्षण समिति के अध्यक्ष पांडुरंग सुपेकर ने बताया कि भूस्खलन किस समय हुआ, इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल सकी है। प्रशासन ने पर्यटकों से सिंहगढ़ किले की यात्रा के दौरान सावधानी बरतने और जोखिम वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।इससे पहले चार दिन पहले भी सिंहगढ़ घाट मार्ग पर हल्का भूस्खलन हुआ था। सड़क पर मिट्टी और पत्थर आने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ था। सूचना मिलते ही संबंधित विभाग ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर मार्ग को फिर से वाहनों के लिए खोल दिया था।
लगातार बारिश के कारण पुणे शहर में भी कई स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। रास्ता पेठ स्थित मंगलमूर्ति चौक में शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे वहां खड़े कई वाहनों को नुकसान पहुंचा। उधर, लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने पुणे और रायगढ़ जिले के घाट क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।


