मुंबई : 30 सितंबर को फ्लायदुबई की फ्लाइट FZ1073 में पैदा हुई गंभीर स्थिति के बाद कैप्टन स्मित मच्छार के साहस और सूझबूझ की चर्चा हो रही है। मुश्किल वक्त में घायल होने के बावजूद उन्होंने हालात को संभालने की कोशिश की और विमान को सुरक्षित रूप से ताबुक में उतारने में अहम भूमिका निभाई। उनकी इस हिम्मत की तारीफ अब बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने भी की है।
सलमान खान ने देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कैप्टन स्मित मच्छार के लिए खास पोस्ट शेयर की। उन्होंने लिखा, “कमाल कर दिया पायलट साहब, हम सभी आपको सलाम करते हैं। आपके साथ विमान में सफर करना खुशी की बात होगी। वेल डन ब्रो।” सलमान की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर कैप्टन स्मित की बहादुरी को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इससे पहले रवीना टंडन, रवि किशन, कंगना रनौत, शिल्पा शेट्टी, जैकी श्रॉफ और सोनम कपूर जैसे सितारों ने भी कैप्टन स्मित के साहस की सराहना की थी। वहीं, वरिष्ठ गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने उन्हें ‘महावीर चक्र’ दिए जाने की मांग की है।
विमान में आखिर हुआ क्या था?
30 सितंबर को फ्लायदुबई का FZ1073 विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था। विमान में 180 से अधिक यात्री सवार थे। उड़ान के दौरान कॉकपिट में पायलटों के बीच विवाद हुआ और स्थिति गंभीर हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला किया, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद विमान अचानक तेजी से नीचे आने लगा।
मुश्किल हालात में भी कैप्टन स्मित ने हिम्मत नहीं छोड़ी। उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की और विमान को संभालने की कोशिश की। आखिरकार विमान को सऊदी अरब के ताबुक में सुरक्षित उतारा गया। इस घटना के बाद कैप्टन स्मित मच्छार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। एक पायलट के लिए उस वक्त सबसे बड़ी चुनौती सिर्फ विमान उड़ाना नहीं, बल्कि सैकड़ों यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। ऐसे में उनकी सूझबूझ और हिम्मत ने इस पूरी घटना को चर्चा में ला दिया है।


