बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने अपने नाम से जुड़े एक मजेदार लेकिन हैरान करने वाले किस्से का खुलासा किया है। एक समय ऐसा आया जब उनके मजाक में रखे गए नाम को ही लोग उनका असली नाम समझने लगे। मामला इतना बढ़ गया कि प्रीति को Google और Wikipedia तक को कानूनी नोटिस भेजनी पड़ी।
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में प्रीति ने बताया कि उनका असली नाम ‘प्रीति’ ही है। दरअसल, फिल्म ‘सोल्जर’ की शूटिंग के दौरान उनके सह-कलाकार और करीबी दोस्त बॉबी देओल उन्हें मजाक में ‘प्रीतम सिंह’ कहने लगे थे। इसके बाद रानी मुखर्जी भी उन्हें इसी नाम से चिढ़ाने लगीं। धीरे-धीरे यह नाम इतना चर्चित हो गया कि कई जगहों पर प्रीति का नाम ‘प्रीतम सिंह’ लिखा जाने लगा। प्रीति ने बताया कि उन्हें बाद में पता चला कि Google, Wikipedia और दूसरी जगहों पर यह जानकारी लिखी जा रही है कि ‘प्रीतम सिंह ने अपना नाम बदलकर प्रीति जिंटा रख लिया।’ यह जानकारी गलत थी। इसके बाद उन्होंने अपने वकीलों के जरिए Google, Wikipedia और अन्य संबंधित जगहों पर पत्र भेजकर अपना सही नाम स्पष्ट करवाया।
मजाक बना ऐसा किस्सा, जो आज तक जारी है
प्रीति ने बताया कि बॉबी देओल आज भी उन्हें ‘प्रीतम’ कहकर बुलाते हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि बॉबी उन्हें अक्सर कहता था कि वह लड़कों जैसी हैं। हालांकि, उसने उन्हें ‘प्रीतम’ कहना क्यों शुरू किया, इसकी सही वजह प्रीति को भी नहीं पता। रानी मुखर्जी भी बॉबी के साथ मिलकर उन्हें इसी नाम से चिढ़ाती थीं। प्रीति को जब यह नाम सुनकर परेशानी होती थी, तो दोनों उन्हें और चिढ़ाने के लिए इसे दोहराते थे। यही मजाक आगे चलकर इंटरनेट पर उनके नाम को लेकर भ्रम की वजह बन गया।
अभिनेत्री से गृहिणी तक बदली जिंदगी
इंटरव्यू में प्रीति ने अभिनय से ब्रेक लेने के बाद अपनी जिंदगी में आए बदलावों के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि अभिनेत्री के तौर पर उनकी जिंदगी में हर वक्त लोगों का ध्यान उन पर रहता था। लेकिन शादी और बच्चों के बाद उनकी प्राथमिकताएं बदल गईं। प्रीति के मुताबिक, अब उनके जीवन के केंद्र में उनके बच्चे हैं। घर संभालने और बच्चों की जिम्मेदारी निभाने के लिए समय और मेहनत दोनों की जरूरत होती है। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें घर में सीमित मदद मिलती है और उनके पति जीन गुडइनफ भी बच्चों की देखभाल में सक्रिय रूप से शामिल रहना चाहते हैं। प्रीति को खाना बनाने का भी शौक है और वह कई बार घर पर खुद खाना बनाती हैं।
क्रिकेट से भी मिली जिंदगी की नई सीख
प्रीति ने यह भी बताया कि अभिनय से दूर रहने के दौरान क्रिकेट से जुड़ने पर उन्हें एक अलग तरह का अनुभव मिला। अभिनेत्री के तौर पर जहां उनका ध्यान और लोगों की नजरें उन पर रहती थीं, वहीं क्रिकेट ने उन्हें सिखाया कि व्यक्तिगत चर्चा से ज्यादा महत्वपूर्ण खेल पर ध्यान देना है। प्रीति ने कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी के हर दौर को पूरी तरह जिया है। उन्होंने अलग-अलग चीजें आजमाईं, खूब मेहनत की और एक समय दिन में 18 घंटे तक काम भी किया।
जीन गुडइनफ से शादी, दो बच्चों की मां हैं प्रीति
प्रीति जिंटा ने अमेरिकी वित्तीय विश्लेषक जीन गुडइनफ से 2016 में शादी की थी। 2021 में दोनों सरोगेसी के जरिए जुड़वां बच्चों के माता-पिता बने। उनके बेटे का नाम जय जिंटा गुडइनफ और बेटी का नाम जिया है। काम की बात करें तो प्रीति जिंटा ने हाल ही में अभिनय की दुनिया में वापसी की है। लंबे ब्रेक के बाद वह फिल्म ‘वाइब’ में भी नजर आई हैं।


