नागपुर : इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के छात्र तेजकुमार सत्यनारायण बंडीवार ने भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर चयनित होकर न केवल अपने परिवार, बल्कि विदर्भ और इग्नू का भी नाम रोशन किया है। गडचिरोली जिले के अहेरी निवासी तेजकुमार ने एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट (AFCAT) में शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर में 80वीं रैंक हासिल की।
तेजकुमार ने इग्नू अध्ययन केंद्र, गोंडवाना विश्वविद्यालय, गडचिरोली से बी.ए. (लोक प्रशासन) की पढ़ाई पूरी की। इग्नू की लचीली शिक्षा व्यवस्था का लाभ उठाते हुए उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी और भारतीय वायु सेना में अधिकारी बनने का अपना सपना साकार किया।
उनकी इस उपलब्धि पर इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, नागपुर के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. लक्ष्मण कुमारवाड, इग्नू अध्ययन केंद्र गोंडवाना विश्वविद्यालय की समन्वयक डॉ. प्रीति काळे-पाटील तथा गोंडवाना विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. प्रशांत बोकारे ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए बधाई दी।
डॉ. लक्ष्मण कुमारवाड ने कहा कि इग्नू के विद्यार्थी लगातार विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। तेजकुमार का भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में चयन इस बात का प्रमाण है कि समर्पण, मेहनत और सही मार्गदर्शन के दम पर कोई भी विद्यार्थी बड़ी सफलता हासिल कर सकता है। उन्होंने कहा कि तेजकुमार की उपलब्धि अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा बनेगी। इग्नू की शिक्षा प्रणाली विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर भी प्रदान करती है। तेजकुमार बंडीवार की सफलता इसी व्यवस्था का एक प्रेरणादायक उदाहरण मानी जा रही है।प्रशिक्षण पूरा होने के बाद तेजकुमार बंडीवार भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। उनकी इस सफलता से विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के युवाओं में नई उम्मीद जगी है कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।


