असत्य से लड़ने को प्रशिक्षण जरूरी : आशिष शेलार

भाईंदर : भारतीय जनता पार्टी के “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026” के तहत नागपुर महानगर के नगरसेवकों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का सोमवार को राम म्हालगी प्रबोधिनी, भाईंदर में शुभारंभ हुआ। 15 और 16 जून को आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र में महाराष्ट्र सरकार के मंत्री एड. आशिष शेलार ने कहा कि, दीर्घ संघर्ष के माध्यम से सफलता प्राप्त करना भारतीय जनता पार्टी की संस्कृति रही है, लेकिन आज के दौर में प्रतिदिन फैलाए जा रहे असत्य का सामना करने के लिए प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक हो गया है।
उद्घाटन सत्र में रेखा महाजन, विधायक संजय उपाध्याय, भाजपा नागपुर महानगर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी, नागपुर की उपमहापौर लीला हातीबेड, पूर्व विधायक अनिल सोले तथा नागपुर मनपा सत्तापक्ष नेता नरेंद्र बोरकर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ हुई। प्रशिक्षण वर्ग का प्रस्ताविक मनपा सत्तापक्ष नेता बाल्या बोरकर ने किया।
“नेतृत्व, विकास और संवाद कौशल” विषय पर मार्गदर्शन करते हुए आशिष शेलार ने कहा कि भाजपा का इतिहास निरंतर संघर्ष का इतिहास है। राम जन्मभूमि आंदोलन, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने की लंबी लड़ाई, गोवा मुक्ति संघर्ष तथा पश्चिम बंगाल में संगठन विस्तार के लिए कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए अथक प्रयास और बलिदान के पीछे वर्षों का समर्पण और तपस्या रही है। इन्हीं संघर्षों के बल पर भाजपा ने जनता का विश्वास अर्जित कर देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि विरोधियों द्वारा फैलाए जाने वाले झूठे प्रचार और भ्रामक सूचनाओं से जनता को जागरूक करने के लिए जनप्रतिनिधियों का प्रशिक्षित होना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग में विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों और वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन मिलेगा।
प्रशिक्षण के दौरान “सोशल मीडिया व एआई का प्रभावी उपयोग” विषय पर कौस्तुभ फलटनकर, “केंद्र व राज्य सरकार की योजनाएं” विषय पर विधायक योगेश सागर तथा “प्रशासन व नगरसेवक समन्वय” विषय पर दयाशंकर तिवारी मार्गदर्शन करेंगे। दूसरे दिन “नागरिकों से संवाद व प्रभाग विकास कार्य” विषय पर प्रा. अनिल सोले, “महाराष्ट्र महानगरपालिका अधिनियम 1949 व नगरसेवकों की भूमिका” विषय पर पूर्व मुख्य सचिव प्रवीण परदेशी, “शहर प्रबंधन में नगरसेवकों की भूमिका” विषय पर केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोळ, “संगठन के मूल विचार, दृष्टिकोण, इतिहास व विकास” विषय पर विनय सहस्रबुद्धे, “बजट अध्ययन व वित्तीय नियोजन” विषय पर पूर्व वित्त मंत्री सुधीर मुनगंटीवार तथा “समन्वय (कार्यकर्ता, विचार परिवार व अन्य सामाजिक संगठन)” विषय पर राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश मार्गदर्शन देंगे।
प्रशिक्षण वर्ग के समापन सत्र में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस “संगठन विस्तार” विषय पर मार्गदर्शन करेंगे। इस प्रशिक्षण के माध्यम से नगरसेवकों को प्रभावी जनप्रतिनिधित्व के लिए आवश्यक ज्ञान, कौशल और दृष्टिकोण प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। विशेष रूप से इस आवासीय प्रशिक्षण वर्ग में भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना के नागपुर महानगर के सभी नगरसेवक दो दिनों तक पूर्णकालिक रूप से भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें अध्ययन, चर्चा और अनुभवों के आदान-प्रदान का अवसर भी प्राप्त होगा। कार्यक्रम का संचालन भाजपा महानगर महामंत्री मनीषा धावड़े ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन महानगर महामंत्री संदीप जाधव ने किया।

Related Posts

नागपुर में एसटी कामगारों का घंटानाद आंदोलन, प्रलंबित मांगों को लेकर चेतावनी तेज

नागपुर : महाराष्ट्र एसटी कामगार संयुक्त कृती समिति (नागपुर विभाग) की ओर से आज सोमवार, 15 जून 2026 को अपनी लंबित मांगों को लेकर मध्यवर्ती बस स्थानक, गणेशपेठ आगार में…

MSRTC की सख्ती: गलत जगह बस रोकने पर कर्मचारियों के वेतन से कटेगा जुर्माना

मुंबई: महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन महामंडल (MSRTC) ने निर्धारित होटलों के अलावा अन्य स्थानों पर बस रोकने वाले चालक और परिचालकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। अब अनधिकृत स्थानों…