अगर आप State Bank of India (SBI) में बड़ी रकम की FD कराने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। SBI ने 3 करोड़ रुपये या उससे अधिक की घरेलू बल्क FD पर कुछ अवधियों के लिए ब्याज दरों में बदलाव किया है। नई दरें 15 अगस्त से लागू हो चुकी हैं।
7 से 179 दिन की FD पर 0.25% की कटौती
बैंक ने 7 दिन से 179 दिन तक की अवधि वाली 3 करोड़ रुपये या उससे अधिक की FD पर ब्याज दर में 25 बेसिस पॉइंट यानी 0.25 फीसदी की कटौती की है। वहीं, 180 से 210 दिन की FD पर ब्याज दर 10 बेसिस पॉइंट यानी 0.10 फीसदी घटाई गई है। हालांकि, 211 दिन से लेकर 10 साल तक की बड़ी FD पर ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी लंबी अवधि के लिए बड़ी रकम जमा करने वाले ग्राहकों को फिलहाल पुरानी दरों का ही लाभ मिलेगा।
वरिष्ठ नागरिकों पर भी असर
ब्याज दरों में यह बदलाव वरिष्ठ नागरिकों की बड़ी FD पर भी लागू हुआ है। 7 से 179 दिन की अवधि वाली FD पर ब्याज दर में 0.25 फीसदी और 180 से 210 दिन की अवधि वाली FD पर 0.10 फीसदी की कटौती की गई है। 211 दिन से 10 साल तक की अवधि वाली बड़ी FD की दरों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
आम ग्राहकों की FD पर नहीं हुआ बदलाव
यहां राहत की बात यह है कि 3 करोड़ रुपये से कम की सामान्य रिटेल FD पर इन बदलावों का असर नहीं पड़ा है। यानी आम ग्राहक जो 3 करोड़ रुपये से कम की रकम FD में जमा करते हैं, उनकी FD की ब्याज दरें इस फैसले से प्रभावित नहीं हुई हैं।
नई FD और रिन्यूअल पर लागू होंगे नए नियम
SBI के मुताबिक, बदली हुई ब्याज दरें नई FD के साथ-साथ मैच्योर हो चुकी FD के रिन्यूअल पर भी लागू होंगी। ऐसे में अगर आपकी बड़ी FD मैच्योर होने वाली है और आप उसे दोबारा निवेश करना चाहते हैं, तो रिन्यूअल से पहले लागू ब्याज दर जरूर जांच लें।
समय से पहले FD तोड़ने पर 1% जुर्माना
FD में बड़ी रकम निवेश करने वालों के लिए एक और जरूरी बात है। SBI की बड़ी FD को समय से पहले निकालने पर 1 फीसदी की पेनल्टी लगाई जाएगी। यह नियम नई FD और रिन्यू की गई FD, दोनों पर लागू होगा। इसलिए बड़ी रकम FD में लगाने से पहले यह जरूर सोच लें कि निवेश की अवधि के दौरान आपको उस पैसे की जरूरत तो नहीं पड़ेगी। छोटी अवधि की FD पर ब्याज दर में कटौती से जहां कुछ ग्राहकों को कम रिटर्न मिलेगा, वहीं लंबी अवधि के निवेशकों के लिए फिलहाल राहत बनी हुई है।


