कांगो से एक दर्दनाक विमान हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई। हादसे में कांगो की सेना के दो वरिष्ठ अधिकारियों की भी जान चली गई। इस घटना के बाद देश की सुरक्षा व्यवस्था में भी हलचल मच गई है।
कांगो की सेना के मुताबिक, हादसे में लेफ्टिनेंट जनरल मुतोम्बो कातालायी तिएंदे और लेफ्टिनेंट जनरल बाकुमी लिकुलिया की मौत हुई है। तिएंदे कांगो के सैन्य न्यायालय के प्रमुख थे, जबकि लिकुलिया सशस्त्र बलों के ऑडिटर जनरल की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल एफोमी एकेंगे ने बताया कि दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा प्रतिनिधिमंडल के 12 सदस्य और विमान के क्रू सदस्य भी हादसे का शिकार हुए। विमान में सवार किसी भी व्यक्ति की जान नहीं बच सकी।
बताया जा रहा है कि सैन्य विमान दक्षिण-पश्चिम कांगो के किक्विट शहर से राजधानी किंशासा लौट रहा था। इसी दौरान विमान में तकनीकी खराबी आने की जानकारी सामने आई और कुछ ही समय बाद यह केंगे इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। फिलहाल हादसे की असली वजह स्पष्ट नहीं है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। कांगो के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के बोर्ड अध्यक्ष ट्रायफॉन किन-कीए मुलुंबा ने भी कहा है कि हादसे के पीछे की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है। एक विमान में सवार लोगों का इस तरह अचानक जान गंवाना बेहद दुखद है। अब जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर उड़ान के दौरान ऐसी कौन-सी तकनीकी समस्या आई, जिसने इस भीषण हादसे को जन्म दिया।


